गोरखपुर में बारिश के बाद सड़कों की होगी मरम्मत:पानी निकलते ही चूना, मेलाथियान और एंटी-लार्वा का होगा छिड़काव

Sep 28, 2026 - 06:25
0
गोरखपुर में बारिश के बाद सड़कों की होगी मरम्मत:पानी निकलते ही चूना, मेलाथियान और एंटी-लार्वा का होगा छिड़काव
गोरखपुर में शनिवार को हुई भारी बारिश के बाद रविवार को नगर निगम और गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) की टीम ने शहर के कई इलाकों का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने नगर निगम और GDA की संयुक्त टीम के साथ आर्यन हॉस्पिटल रोड, सर्किट हाउस और GDA की आवासीय कॉलोनियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जलनिकासी, सफाई और बारिश से खराब हुई सड़कों की स्थिति देखी गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बारिश के बाद जलभराव वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर सफाई कराने और सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। पानी निकलने के बाद चलेगा विशेष सफाई अभियान नगर आयुक्त ने GDA की आवासीय कॉलोनियों में जलनिकासी के बाद व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाने को कहा। सफाई के बाद चूना, मेलाथियान और एंटी-लार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के बाद पानी जमा होने से मच्छरों के पनपने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में जलनिकासी के साथ ही सफाई और दवा का छिड़काव कराने पर जोर दिया जा रहा है। बारिश से खराब सड़कों पर होगा पैचवर्क निरीक्षण के दौरान बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त होने की स्थिति भी सामने आई। नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता अमित शर्मा को बारिश से खराब हुई सड़कों को चिह्नित कर गड्ढा मुक्त अभियान के तहत पैचवर्क कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां सड़क पर गड्ढे हो गए हैं, वहां जल्द से जल्द मरम्मत कराकर लोगों की आवाजाही को सुरक्षित बनाया जाए। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भी तैयारियां नगर निगम की ओर से बताया गया कि निरीक्षण भारी बारिश के साथ मुख्यमंत्री के आगामी कार्यक्रम को देखते हुए भी किया गया। अधिकारियों ने उन इलाकों की स्थिति देखी, जहां जलनिकासी और साफ-सफाई की जरूरत है। संबंधित अधिकारियों को मौके के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। GDA और नगर निगम की संयुक्त टीम रही मौजूद निरीक्षण के दौरान GDA के उपाध्यक्ष सहित प्राधिकरण की पूरी टीम मौजूद रही। नगर निगम की ओर से अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार, मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता, जोनल सेनेटरी अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User