ग्रामसभा की जमीन पर फर्जी बैनामा, अवैध कब्जे का आरोप:जालौन के 1.214 हेक्टेयर जमीन पर कब्जे की शिकायत, DM ने दिए जांच के आदेश
जालौन की उरई तहसील के ग्राम खरूसा में ग्रामसभा की भूमि पर फर्जी बैनामा कराकर अवैध कब्जा करने का मामला सामने आया है। गांव के निवासी विश्वनाथ पाल पुत्र भजनलाल ने जिलाधिकारी समीर को प्रार्थना पत्र देकर जमीन की खरीद-फरोख्त, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और अवैध कब्जे के आरोपों में संबंधित लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है। शिकायती पत्र पर जिलाधिकारी ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं। गांव में बने मंदिर के बाबा विश्वनाथ ने बताया कि ग्राम खरूसा, परगना उरई स्थित गाटा संख्या 104 का रकबा 1.2140 हेक्टेयर है, जो राजस्व अभिलेखों में गढ़ी के रूप में दर्ज है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस भूमि पर प्राचीन देवी मंदिर स्थित है। मंदिर के आसपास और सामने की जगह पर प्रतिवर्ष विशाल मेले का आयोजन होता है। आरोप है कि कुछ लोगों ने ग्रामसभा की इस भूमि पर कब्जा करने की नीयत से पहले पेड़ लगाए और फिर तारों की फेंसिंग कर दी। शिकायत में जयसिंह निरंजन, अजय सिंह निरंजन, नरेंद्र सिंह निरंजन और बृजेंद्र सिंह निरंजन पर जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है। विश्वनाथ पाल के मुताबिक, ग्राम प्रधान और ग्रामीणों ने छह अक्टूबर 2025 को जिलाधिकारी से शिकायत की थी। इसके बाद 13 अक्टूबर 2025, 17 नवंबर 2025 और तीन जुलाई 2026 को भी प्रार्थना पत्र दिए गए, लेकिन आरोप है कि प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि असफाक अली और सलीम खां ने ग्रामसभा की भूमि का लगभग 5,868.875 वर्गफीट हिस्सा नरेंद्र नारायण और बृजेंद्र कुमार निरंजन के नाम चार नवंबर 2025 को फर्जी बैनामे के जरिए दर्ज कराया। शिकायत में वर्ष 1978 में भी इसी भूमि का बैनामा कराए जाने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा जमीन पर बीम डालने और सरकारी शौचालय के गड्ढों पर कब्जा करने की बात भी कही गई है। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा ग्रामसभा की भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की है। मामले की गंभीरता को लेते हुए जिलाधिकारी समीर ने इस मामले में जांच के आदेश दिए उन्होंने कहा कि 8 दिन में इस मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)