गुम हुए चेक पर भर दिए 49 लाख रुपए:बैंक में लगाने पर हुआ बाउंस, हरदोई में थानाध्यक्ष बोले- मामले की जांच की जा रही है
हरदोई के संडीला कोतवाली क्षेत्र के टिकरा दाऊदपुर गांव निवासी एक व्यक्ति के गुम हुए हस्ताक्षरयुक्त चेक का दुरुपयोग करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चेक पर 49 लाख रुपए की रकम भरकर उसे बैंक में भुगतान के लिए लगाया गया। हालांकि, स्टॉप पेमेंट के निर्देश और खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण चेक बाउंस हो गया। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित तौफीक पुत्र बुलाकी के अनुसार, उनके बैंक खाते की एक चेकबुक कहीं गुम हो गई थी। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने बैंक प्रबंधन को लिखित सूचना देकर चेकों का भुगतान रोकने के लिए स्टॉप पेमेंट के निर्देश दिए थे। आरोप है कि इसी दौरान किसान टोला निवासी यूसुफ पुत्र हनीफ के हाथ वह चेक लग गया। उसने कथित तौर पर केवल हस्ताक्षर वाले चेक पर अपनी ओर से नाम, तारीख और 49 लाख रुपए की रकम भरकर बैंक में भुगतान के लिए लगा दिया। आरोपी से कोई कारोबारी संबंध नहीं होने का दावा तौफीक का कहना है कि बैंक ने स्टॉप पेमेंट के निर्देश और खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण चेक का भुगतान नहीं किया, जिससे वह बाउंस हो गया। पीड़ित के मुताबिक, यूसुफ के साथ उनका न तो कोई कारोबारी संबंध है और न ही किसी तरह का वित्तीय लेन-देन रहा है। झूठे मामले में फंसाने की जताई आशंका तौफीक ने चेक के कथित दुरुपयोग को आपराधिक षड्यंत्र और धोखाधड़ी बताया है। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी इस चेक के जरिए उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज कराने की साजिश रच रहा है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। थानाध्यक्ष अनुराग सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)