हरदोई में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को श्रद्धांजलि:SP अशोक कुमार मीणा बोले- फरियादियों की बात सुनें, पुलिस पर भरोसा बढ़ाएं
हरदोई जनपद में कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति में बुधवार सुबह रिजर्व पुलिस लाइन में "पुलिस स्मृति दिवस-2026" का भावपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (SP) अशोक कुमार मीणा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीदों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस लाइन स्थित अमर शहीद स्थल पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया। इस दौरान उपस्थित पुलिस बल द्वारा शोक शस्त्र धारण कर दो मिनट का मौन रखा गया और अमर शहीदों के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त किया गया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) सुबोध गौतम, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) अखिलेश सिंह, सीओ सिटी अजीत सिंह, सीओ हरपालपुर प्रवीण यादव, सीओ संडीला श्लोक गौतम, सीओ हरियावां लक्ष्मीकांत गौतम समेत अन्य क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी व बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए एसपी अशोक कुमार मीणा ने पुलिस स्मृति दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के विषम हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सेना के अचानक हुए हमले के दौरान भारतीय जांबाज जवानों के शौर्य की गाथा साझा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सीमित संसाधनों के बावजूद जवानों ने अंतिम सांस तक मुकाबला किया और देश की रक्षा में वीरगति प्राप्त की। फरियादियों की त्वरित सुनवाई का दिया संदेश शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए एसपी ने मातहत अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त व संवेदनशील निर्देश दिए। उन्होंने कहा "हर एक फरियादी की बात को ध्यान और संवेदनशीलता से सुनना हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। जब हम आम जनमानस की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी निराकरण करेंगे, तभी जनता का पुलिस प्रणाली पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा। कार्यक्रम का समापन देश और समाज की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने और खाकी की मर्यादा बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)