हरदोई में रोडवेज बस की टक्कर से बुजुर्ग की मौत:DM चौराहे के पास हादसा, परिजनों की तहरीर पर चालक पर केस
हरदोई जनपद के डीएम चौराहे पर रोडवेज बस की टक्कर से हुई वृद्ध की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर बस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। सोमवार सुबह पिहानी चुंगी के पास बस से उतरकर पैदल जा रहे 65 वर्षीय मुंशीपाल को हरदोई डिपो की तेज रफ्तार बस ने रौंद दिया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने बस को कब्जे में लिया था। दोपहर बाद परिजनों के आने पर पंचनामा भरा गया था। शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा। इस संबंध में सोमवार की शाम 5:05 पर रिपोर्ट दर्ज की गई। जानकारी के अनुसार, हरियावां थाना क्षेत्र के पुरैला गांव निवासी मुंशी सोमवार की सुबह करीब 10 बजे अपने एक अदालती काम की पैरवी और दवा लेने के लिए हरदोई शहर आए थे। पिहानी चुंगी के पास बस से उतरने के बाद वह पैदल ही जा रहे थे, तभी डीएम चौराहे के पास हरदोई डिपो की रोडवेज बस के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बस चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मुंशीपाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शहर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक की जेब में मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। हादसे के बाद मृतक के नाती नर सिंह पुत्र गंगाराम (निवासी सूरा, थाना सुरसा) की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रोडवेज बस के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। उनके इकलौते बेटे की मौत कई साल पहले ही हो चुकी थी। परिवार में अब उनकी दो शादीशुदा बेटियां हैं। परिजनों में कोहराम मच गया मुंशीपाल को दवा लेने के बाद सुरसा थाना क्षेत्र के सूरापुर में अपनी बेटी गंगा देई के घर जाना था, जिनके पति गंगाराम पुन्निया ग्राम पंचायत के प्रधान हैं। बेटी घर पर पिता के आने का इंतजार कर रही थी, लेकिन हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)