हत्या के 10दिन बाद कब्र से निकाला तालिब का शव:मुजफ्फरनगर में हार्ट अटैक बताकर दफनाया था, पत्नी-प्रेमी ने कबूला जुर्म
मुजफ्फरनगर में तालिब हत्याकांड में पुलिस ने हत्या के 10 दिन बाद गुरुवार को उसका शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा। आरोप है कि तालिब की पत्नी इलमा ने अपने प्रेमी अमन और उसके साथी के साथ मिलकर मेरठ में उसकी हत्या की थी। इसके बाद शव को मुजफ्फरनगर के रसूलपुर दभेड़ी गांव ले जाकर दफना दिया गया था। पत्नी ने तालिब की मौत को पहले हार्ट अटैक बताया था। परिजनों को बाद में शव की गर्दन पर चोट के निशान दिखाई दिए, जिसके बाद उन्हें हत्या का शक हुआ। जांच में तालिब की पत्नी इलमा और उसके प्रेमी अमन को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में इलमा ने अमन और उसके साथी के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की। जिसके बाद डीएम की अनुमति से एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह, सीओ गजेंद्र पाल सिंह और दभेड़ी चौकी प्रभारी छविकांत की मौजूदगी में शव को फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आरोपी पत्नी और प्रेमी के बयान के आधार मामले की जांच शुरू कर दी है। देखिए घटना 2 तस्वीरें… शव की फोटो से हुआ शक जाकिर कॉलोनी निवासी अकरम अली ने पुलिस को बताया कि तालिब राजमिस्त्री का काम करता था। करीब चार साल पहले उसकी शादी इलमा से हुई थी। दोनों की तीन साल की बेटी है। 28 सितंबर की रात तालिब की मौत की सूचना मिलने पर परिजन उसके घर पहुंचे। शव पूरी तरह ढका हुआ था और सिर्फ चेहरा दिखाई दे रहा था। इलमा ने बताया कि तालिब की मौत हार्ट अटैक से हुई है। परिवार ने उसकी बात पर भरोसा कर अगले दिन शव को पैतृक गांव रसूलपुर दभेड़ी में दफना दिया। दफनाने के दौरान किसी ने तालिब के शव की फोटो मोबाइल से खींच ली थी। बाद में फोटो देखने पर परिजनों की नजर गर्दन पर पड़े चोट के निशान पर गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। अमन के साथ संबंध की जानकारी मिली परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद इलमा के व्यवहार में भी बदलाव दिखाई दिया। पड़ोसियों ने परिजनों को बताया कि उसे जाकिर कॉलोनी स्थित सिग्नेचर स्टाइल ब्यूटी स्टूडियो के संचालक अमन के साथ देखा जाता था। पुलिस ने इलमा और अमन से पूछताछ की तो मामले में हत्या का एंगल सामने आया। पुलिस जांच में तालिब के मोबाइल से एक वॉइस चैट भी मिली है। आरोप है कि हत्या से करीब तीन दिन पहले अमन ने तालिब को व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी दी थी। गर्दन पर चोट के निशान और वॉइस चैट मिलने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। डीएम की अनुमति के बाद निकाला शव डीएम की अनुमति के बाद गुरुवार को एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह, सीओ गजेंद्र पाल सिंह और दभेड़ी चौकी प्रभारी छविकांत की मौजूदगी में तालिब का शव कब्र से निकलवाया गया। शव को पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। तालिब के भाई अकरम अली की तहरीर पर पुलिस ने इलमा और अमन के खिलाफ हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)