इंटरनेशनल ट्रेड शो का गृह मंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन:सीएम योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे, 25 से 29 तक चलेगा,85 देशों के 550 से अधिक विदेशी खरीदार होंगे शामिल

Sep 25, 2026 - 06:49
0
इंटरनेशनल ट्रेड शो का गृह मंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन:सीएम योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे, 25 से 29 तक चलेगा,85 देशों के 550 से अधिक विदेशी खरीदार होंगे शामिल
उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) का चौथा संस्करण प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं, निर्यातकों और कारोबारियों को देश-दुनिया के बाजारों से जोड़ने का बड़ा मंच बनेगा। 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में होने वाले यूपीआईटीएस-2026 में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.5 लाख से अधिक बीटूबी खरीदारों एवं आगंतुकों, 4.5 लाख से अधिक सामान्य आगंतुकों तथा 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है। एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां हैं। सरकार ऐसा इकोसिस्टम तैयार कर रही है, जिसमें उद्यमी आगे बढ़ने के साथ नवाचार करें और वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा कर सकें। उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस स्थानीय उद्यमों की बाजार पहुंच बढ़ाने के साथ निवेश, कारोबार विस्तार और रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगा। यूपीआईटीएस-2026 का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे, समापन में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। छह देशों की साझेदारी से बढ़ेगा अंतरराष्ट्रीय दायरा मंत्री ने बताया कि इस वर्ष यूपीआईटीएस का अंतरराष्ट्रीय स्वरूप और व्यापक किया गया है। चौथे संस्करण में ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम पार्टनर देशों के रूप में भाग ले रहे हैं। इससे व्यापार साझेदारी, तकनीकी सहयोग, सोर्सिंग, निवेश और नए बाजारों तक पहुंच के अवसर बढ़ेंगे। आयोजन में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, घरेलू बीटूबी खरीदारों और बीटूसी आगंतुकों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया है। कार्यक्रम से पहले ही विदेशी खरीदारों की भागीदारी में वृद्धि हुई है। अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। एफआईईओ के होस्टेड बायर प्रोग्राम के जरिये आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स, प्रोक्योरमेंट प्रमुखों और व्यापारिक संस्थाओं को आयोजन से जोड़ा जा रहा है। बीटूबी मैचमेकिंग, नेटवर्किंग और बिजनेस सेशंस के माध्यम से खरीदारों और प्रदर्शकों को सीधे कारोबारी संवाद का अवसर मिलेगा। कृषि से लेकर एआई और एविएशन तक दिखेगी यूपी की ताकत यूपीआईटीएस में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक, कृषि, हस्तशिल्प और सेवा क्षेत्र की विविधता देखने को मिलेगी। कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, ऑटोमोबाइल, ईवी एवं ऑटो कंपोनेंट्स, एविएशन, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, ई-कॉमर्स, आईटी, स्मार्ट सिटी सॉल्यूशंस, फिल्म एवं मनोरंजन, फूड प्रोसेसिंग, एफएमसीजी, हैंडलूम, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल्स, स्वास्थ्य, आयुष, फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल इक्विपमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग, रियल एस्टेट, पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी, स्पोर्ट्स, टॉयज, रिन्यूएबल एनर्जी, लॉजिस्टिक्स, फाइनेंशियल सर्विसेज, शिक्षा एवं कौशल सहित अनेक क्षेत्र इसमें शामिल होंगे। प्रदर्शनी में एमएसएमई विकास, उद्यमिता एवं कौशल विकास, क्लस्टर विकास, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, प्रोक्योरमेंट एवं मार्केटिंग सहायता, रोजगार सृजन तथा ग्रामीण एवं शहरी विकास से जुड़ी सरकारी योजनाओं और नीतियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूजीन’ बनेगा आकर्षण यूपीआईटीएस में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और पाक पहचान को भी विशेष स्थान दिया गया है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) के साथ इस बार ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूजीन’ को भी प्रमुखता दी जाएगी। इसके माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजन, पाक विधियां और खाद्य विरासत देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत की जाएगी। पांच दिवसीय आयोजन में बिजनेस एंगेजमेंट्स, नॉलेज सेशंस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव परफॉर्मेंस, अवॉर्ड्स, फैशन शो और लेजर शो सहित कई कार्यक्रम होंगे। नॉलेज सेशंस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल ट्रेड, फूड प्रोसेसिंग, एमएसएमई और ग्लोबल फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स जैसे विषयों पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। डिजिटल मैचमेकिंग से पहले तय होंगी कारोबारी बैठकें यूपीआईटीएस-2026 में डिजिटल सुविधाओं को भी मजबूत किया गया है। यूपीआईटीएस ऐप के माध्यम से खरीदार और प्रदर्शक कारोबारी अवसरों की पहचान करने के साथ बीटूबी बैठकों को पहले से निर्धारित कर सकेंगे। डिजिटल मैचमेकिंग से प्रतिभागियों को कारोबारी बैठकों की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी। व्यापार, निवेश, नवाचार, मैन्युफैक्चरिंग, निर्यात, संस्कृति और उपभोक्ता सहभागिता को एक मंच पर लाकर यह आयोजन प्रदेश के उद्यमों को देश-दुनिया के बड़े बाजारों से जोड़ने का प्रयास करेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User