इटावा में आगरा-कानपुर हाईवे पर बेकाबू ट्रेलर बस से टकराई:घायल चालक केबिन में फंसा, बस यात्रियों में मची अफरा-तफरी
इटावा के इकदिल में आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर रविवार को इकदिल थाना क्षेत्र के बिरारी आश्रम के पास एक भयानक सड़क हादसा हो गया। टाइल्स और पत्थर से लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर आगे चल रही स्लीपर बस से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। गनीमत यह रही कि दुर्घटना के तुरंत बाद बस ड्राइवर की तत्परता और सूझबूझ से केबिन में सुलगी आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के अनुसार, स्लीपर बस दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर से सवारियों को भरकर महोबा के लिए रवाना हुई थी। रविवार को जब बस इकदिल क्षेत्र में बिरारी आश्रम के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के लिए धीमी हुई, उसी समय पीछे से आ रहे भारी टाइल्स-पत्थर लदे तेज रफ्तार ट्रेलर ने अनियंत्रित होकर बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर का झटका इतना तेज था कि बस में सो रही और बैठी सवारियां एक-दूसरे के ऊपर जा गिरीं, जिससे बस के अंदर चीख-पुकार और हलचल मच गई। केबिन में फंसा रहा चालक, बस ड्राइवर ने निकाला बाहर हादसे के बाद ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और पंजाब के गुरदासपुर निवासी ट्रेलर चालक निशान सिंह केबिन में ही फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद अफरा-तफरी के माहौल में बस चालक ध्रुव (निवासी औरैया) ने तुरंत हिम्मत दिखाई। ध्रुव ने बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों की मदद से केबिन में फंसे निशान सिंह को सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस बुलाकर इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। अग्निशामक सिलेंडर से बुझाई आग, बड़ा हादसा टला ड्राइवर को बाहर निकालने के दौरान ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर के अगले हिस्से से धुआं और आग की लपटें सुलगने लगीं। केबिन में टाइल्स और भारी सामान होने तथा फ्यूल लीक के खतरे को देखते हुए बड़ा हादसा हो सकता था। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बस चालक ध्रुव ने तुरंत अपनी बस में रखा सेफ्टी फायर एक्सटिंग्विशर (गैस सिलेंडर) निकाला और तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। बस चालक की इस सूझबूझ और मानवीय कदम की मौके पर मौजूद सभी लोगों और यात्रियों ने जमकर सराहना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)