जानवरों की आवाज निकालकर चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा:5-5 लोगों की टोली बनाकर घरों को बनाते थे निशाना, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद
आगरा पुलिस ने जानवरों की आवाज निकालकर साथियों को चोरी का सिग्नल देने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के छह शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की गई है। गिरोह में करीब 20 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस अब इसके अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया कि गिरोह के सदस्य पांच-पांच लोगों की टोली बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। एक बार में किसी गांव के दो से अधिक घरों को निशाना बनाते थे। वारदात के दौरान अपने साथियों को सतर्क करने और आपस में संकेत देने के लिए जानवरों की आवाज निकालते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो। किराए की कार से दूसरे जिलों में करते थे प्रवेश
गिरोह के सदस्य किराए की कार से दूसरे जिलों में पहुंचते थे। इसके बाद देहात क्षेत्रों और दूसरे जिलों की सीमा से सटे गांवों में ऐसे घरों को निशाना बनाते थे, जहां चोरी करना आसान हो। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य गाजियाबाद, गोरखपुर और हरियाणा के अलग-अलग जिलों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
गिरोह के मास्टरमाइंड के खिलाफ 15 से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की दूसरी वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। तीन पुलिस इकाइयों ने की कार्रवाई
गिरोह का खुलासा करने के लिए थाना कागारौल पुलिस, साइबर सेल और एसओजी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)