झांसी में 900 जगह दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित होगी:विसर्जन कुंड तक DJ नहीं जाएगा, प्रशासन ने गाइडलाइंस जारी की
झांसी में नवरात्रि से दीपावली तक अगले एक महीने में कई बड़े त्योहार और धार्मिक आयोजन होंगे। जिले में करीब 900 जगह दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा 6 जगह मेले, 6 स्थानों पर रामलीला और 5 जगह राम बारात निकाली जाएगी। त्योहारों के दौरान भीड़ को देखते हुए पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी। आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन ने आयोजकों से कहा है कि दुर्गा प्रतिमाएं पहले से तय स्थानों पर ही स्थापित करें। ऐसी जगह प्रतिमा न लगाई जाए, जिससे सड़क पर जाम या यातायात की समस्या हो। किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। विसर्जन जुलूस के पुराने रास्ते में भी बदलाव नहीं होगा। विसर्जन स्थल तक डीजे ले जाने पर रोक मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। नदियों का जलस्तर बढ़ा होने के कारण हादसे की आशंका को देखते हुए समितियों से अस्थायी तालाबों में विसर्जन कराने की अपील की गई है। विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग और सीसीटीवी लगाए जाएंगे। विसर्जन जुलूस में डीजे सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार ही बजेगा। डीजे को विसर्जन स्थल तक ले जाने की अनुमति नहीं होगी। रामलीला स्थलों पर महिला पुलिस भी तैनात होगी रामलीला का आयोजन देर रात तक चलता है। ऐसे में पंडालों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। जरूरत के अनुसार महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी। रामलीला स्थलों पर सीसीटीवी और फायर सेफ्टी की व्यवस्था की जाएगी। त्योहारों में बिजली कटौती नहीं होगी त्योहारों के दौरान तय रोस्टर के अनुसार लगातार बिजली आपूर्ति देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिमा विसर्जन के रास्ते और दूसरे प्रमुख स्थानों पर लटके बिजली के तारों को ठीक कराया जाएगा। नगर में विशेष सफाई और सैनिटाइजेशन अभियान भी चलाया जाएगा। छोटी घटना पर भी तुरंत कार्रवाई अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी घटना को छोटा समझकर नजरअंदाज न किया जाए। शिकायत मिलने पर दोनों पक्षों की बात सुनकर समय पर कार्रवाई की जाए। संवेदनशील मामलों में वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचेंगे। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों और भड़काऊ बयान देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान अपने तय स्थान पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी आयोजकों के साथ लगातार संपर्क में रहेंगे। लोक निर्माण विभाग को विसर्जन से पहले सड़कों का पैचवर्क पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)