झांसी में हत्या से पहले इंस्टाग्राम पर डाला था वीडियो:गर्लफ्रेंड चंचल की हत्या से पहले बोला कमल-आज मेरी मुलाकात होगी, यही मेरा आखिरी दिन होगा
झांसी में गर्लफ्रेंड की शादी तय होने से बौखलाए युवक ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी कमल रायकवार ने वारदात को अंजाम देने से पहले इंस्टाग्राम पर 6 मिनट 27 सेकंड का वीडियो अपलोड किया था। इसमें उसने चंचल के परिवार पर उसे धमकाने, मारपीट करने और चंचल के बयान बदलवाकर उसे जेल भिजवाने की धमकी देने के आरोप लगाए। वीडियो में कमल ने कहा- "आज मेरी चंचल से मुलाकात होगी और ये मेरा आखिरी दिन होगा।" पुलिस के मुताबिक, वीडियो अपलोड करने के बाद कमल चंचल की दादी के घर पहुंचा और वहां उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारने की योजना बनाई थी। हालांकि, पुलिस ने कुछ ही घंटे में उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगी है। वीडियो में सुनाई चार साल की लव स्टोरी कमल ने वीडियो में बताया कि वह चंचल रायकवार से चार साल से प्यार करता था। उसने चंचल के पिता का नाम सोनू और मां का नाम सपना बताया। आरोपी ने कहा कि दोनों चार साल से एक-दूसरे से बात करते थे और चंचल भी उससे प्यार करती थी। उसके मुताबिक, जब चंचल के परिवार को दोनों के संबंध की जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया।
कमल ने वीडियो में आरोप लगाया कि चंचल के पिता ने उसके साथ मारपीट की और उसका रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया। आरोपी के मुताबिक, चंचल के पिता ने उससे कहा था कि अगर उसने उनकी मर्जी से शादी नहीं की तो वह चंचल और कमल दोनों को मार देंगे। रक्षा बंधन पर रिश्ता तय करने पहुंचे थे लड़के वाले
कमल ने वीडियो में बताया कि रक्षा बंधन के दिन चंचल के लिए रिश्ता लेकर लड़के वाले आए थे। उन्होंने मिठाई दी और रिश्ता पक्का होने के बाद सभी लोग चंचल को लेकर सिद्धेश्वर मंदिर गए थे। इसी दौरान चंचल का वह कीपैड मोबाइल भी परिवार के हाथ लग गया, जिससे वह कमल से बात करती थी।
आरोपी ने दावा किया कि लड़के वालों के जाने के बाद चंचल के पिता ने उसके साथ मारपीट की। साथ ही उसकी बुआ के बेटों पर भी घर आकर चंचल को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। परिवार पर लगाया जबरन शादी कराने का आरोप
कमल ने वीडियो में कहा कि चंचल इस शादी के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन उसके परिजन उस पर शादी के लिए दबाव बना रहे थे। आरोपी का दावा है कि इसी दौरान चंचल को कहीं भेज दिया गया और करीब एक महीने बाद उसे इसकी जानकारी हुई।
उसने वीडियो में कहा कि चंचल को घर में बंद करके रखा जाता था और परिवार के लोग उसके साथ ठीक से बात भी नहीं करते थे। कमल ने दावा किया कि बाद में चंचल को उसकी दादी के घर भेज दिया गया, जहां पहुंचकर उसने वारदात को अंजाम दिया। वीडियो में पहले ही बता दिया था-आज आखिरी दिन
वारदात से पहले बनाए गए वीडियो में कमल ने अपनी पूरी कहानी बताने के बाद कहा कि आज शायद उसका आखिरी दिन है। उसने चंचल से मिलने की बात कही और इसके बाद वह उसके परिवार के घर की ओर निकल गया। पुलिस के मुताबिक, इसी के बाद उसने चंचल की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस अब आरोपी के इंस्टाग्राम वीडियो, मोबाइल और वारदात से पहले की गतिविधियों को जांच का हिस्सा बना रही है। वीडियो में लगाए गए आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)