जिला अस्पताल के बाहर पटरी दुकानदारों पर चला बुलडोजर:सीतापुर में डीएम के निर्देश पर अवैध पटरी दुकानदार हटाए, कई दुकानों के चालान भी कटे

Oct 05, 2026 - 16:21
0
जिला अस्पताल के बाहर पटरी दुकानदारों पर चला बुलडोजर:सीतापुर में डीएम के निर्देश पर अवैध पटरी दुकानदार हटाए, कई दुकानों के चालान भी कटे
सीतापुर में जिला अस्पताल गेट और उसके आसपास मार्गों पर अवैध पटरी दुकानदारों और सड़क किनारे खड़े ऑटो-रिक्शों के कारण लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे नगर पालिका प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। डीएम के निर्देश पर एसडीएम और प्रभारी नगर पालिका ईओ सीमा सिंह के नेतृत्व में टीम ने बुलडोजर चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान अस्थायी दुकानें हटाने के साथ ही कई दुकानदारों के चालान भी काटे गए। मालूम हो कि जिला अस्पताल के बाहर अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित हो रहा था। सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों को लेकर आने-जाने वाली एंबुलेंस को होती थी। सड़क पर दुकानें और ऑटो-रिक्शे खड़े रहने से जाम की स्थिति बन जाती थी। इससे गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ता था। प्रभारी नगर पालिका ईओ सीमा सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल के आसपास पहले भी कई बार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन दुकानदार दोबारा सड़क पर दुकानें लगा लेते थे। इसी को देखते हुए सोमवार को कार्रवाई के साथ चालान भी काटे गए। ट्रैफिक इंस्पेक्टर और यातायात टीम को भी निर्देश दिए गए हैं कि सड़क पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने बताया कि दुकानदारों से कहा गया है कि वे सड़क से हटकर किसी अन्य स्थान पर दुकान लगाएं। ऑटो-रिक्शों की समस्या को लेकर रूट चार्ट पहले से तैयार किया गया है और उसका पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने अस्पताल के आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की भी योजना बनाई है। करीब 15-20 दिन में इंटरलॉकिंग का काम शुरू कराया जाएगा और स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। ईओ के अनुसार तहसील के सामने कराए गए विकास कार्यों की तर्ज पर जिला अस्पताल के आसपास भी क्षेत्र को व्यवस्थित और सुंदर बनाया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User