जनगणना के दूसरे चरण की ट्रेनिंग शुरू:मेरठ में 130 फील्ड ट्रेनर्स को दिया जा रहा प्रशिक्षण, 16 नवंबर से सेल्फ एन्यूमरेशन

Oct 12, 2026 - 20:35
0
जनगणना के दूसरे चरण की ट्रेनिंग शुरू:मेरठ में 130 फील्ड ट्रेनर्स को दिया जा रहा प्रशिक्षण, 16 नवंबर से सेल्फ एन्यूमरेशन
भारत की जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए 130 फील्ड ट्रेनर्स को नियुक्त किया गया है। इन ट्रेनर्स को 12 से 14 अक्टूबर तक मेरठ के एनएएस डिग्री कॉलेज में ट्रेनिंग दी जा रही है। जिलाधिकारी ने इस ट्रेनिंग कार्यक्रम की शुरुआत की। ट्रेनिंग के दौरान बताया गया कि 16 से 30 नवंबर 2026 तक लोग खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद, जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी इकट्ठा करेंगे। 5 से 9 जनवरी तक दर्ज किए गए आंकड़ों की दोबारा जांच और सत्यापन होगा। जिलाधिकारी ने बताया कि पहले चरण का काम पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में फील्ड ट्रेनर्स को ट्रेनिंग दी जा रही है, जो आगे सुपरवाइजर बनेंगे। ये सुपरवाइजर फिर नगरपालिका, तहसील और कैंटोनमेंट बोर्ड स्तर पर जनगणना कर्मचारियों को ट्रेनिंग देंगे। जनगणना के प्रमुख अधिकारी जिलाधिकारी हैं, अतिरिक्त प्रमुख जनगणना अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल हैं और जिला जनगणना अधिकारी एडीएम एफ/आर वीरेंद्र मौर्य हैं। जनगणना निदेशालय से आए असिस्टेंट डायरेक्टर शिव कुमार और उनकी पूरी टीम द्वारा प्रथम चरण में जनपद मेरठ में बहुत अच्छा कार्य किया गया था। जिलाधिकारी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि प्रथम चरण से भी बेहतर कार्य द्वितीय चरण में हो। इसके लिए सीडीओ, जिला जनगणना अधिकारी, एडीएम एफ/आर, शिव कुमार और उनकी पूरी टीम समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य करने के प्रयास में लगी है। उन्होंने जनपद वासियों से अपील की है कि जिन्होंने प्रथम चरण में अपना फॉर्म भरा था, अब द्वितीय चरण में अधिक से अधिक संख्या में सेल्फ एन्यूमरेशन करें। सेल्फ एन्यूमरेशन बहुत ही आसान प्रक्रिया है, जिससे जनगणना कर्मियों और नागरिकों दोनों को सुविधा होगी। इसका विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर प्रगणक घर जाकर हार्ड कॉपी भी उपलब्ध कराएंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User