कैंसर के इलाज के नाम पर 25 लाख ठगे:परिवार को डराकर रुपए लेते रहे, 8 लोगों पर FIR दर्ज
बिजनौर में कैंसर के इलाज और झाड़-फूंक के नाम पर एक परिवार से करीब 25 लाख रुपए ठगने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोप है कि रकम लेने के बाद भी मरीज की हालत में सुधार नहीं हुआ। सीओ नगीना राजेश सोलंकी ने शनिवार शाम 7:30 बजे बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। मामला नगीना देहात थाना क्षेत्र का है। पति के कैंसर का इलाज करने का दिया भरोसा ग्राम हीमपुर पछातपुरा निवासी सावित्री देवी पत्नी तेजपाल सिंह ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया उनके पति तेजपाल सिंह कैंसर से पीड़ित हैं। बीमारी के कारण वह चलने-फिरने और काम करने की स्थिति में नहीं हैं। सावित्री के अनुसार अप्रैल 2026 में सुखलाल अपने बेटे विनीत और दो अन्य लोगों विशाल निवासी नजीबाबाद तथा विजेंद्र भगत निवासी गुना सराय क्षेत्र नजीबाबाद के साथ उनके घर आया था। आरोप है कि इन लोगों ने उनके पति पर झाड़-फूंक की और इलाज करने का भरोसा दिया। डराकर अलग-अलग रकम लेने का आरोप पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने धमकी दी कि उनकी बात नहीं मानी तो परिवार खत्म हो जाएगा। 24 अप्रैल को उनसे 10 हजार रुपए लिए गए। इसके बाद कभी 10 हजार, कभी 20 हजार, 50 हजार और कभी एक लाख रुपए की मांग की जाती रही। सावित्री के मुताबिक पति के इलाज और परिवार को बचाने की उम्मीद में वह अलग-अलग खातों में रुपए ट्रांसफर करती रहीं। आरोप है कि करीब 10 लाख रुपए ऑनलाइन और करीब 15 लाख रुपए नकद लिए गए। छह बीघा जमीन बेचने के बाद भी मांगते रहे रुपए पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उनकी छह बीघा खेती की जमीन बिकवाकर मिली रकम भी ले ली। करीब 25 लाख रुपए लेने के बाद भी पति की हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बजाय बीमारी बढ़ती गई। सावित्री का आरोप है कि अब भी उनसे डेढ़ लाख रुपए मांगे जा रहे हैं। रुपए नहीं देने पर परिवार के किसी सदस्य की मौत होने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज शिकायत में शहजाद आलम, मोहम्मद हारुन, आसमा रज्जाक और सुखलाल की पत्नी पर भी रकम लेने और अपने खातों में रुपए ट्रांसफर कराने का आरोप लगाया गया है। सुखलाल की पत्नी पर गाली-गलौज और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने सुखलाल, विनीत, सुखलाल की पत्नी, विशाल, विजेंद्र भगत, शहजाद आलम, मोहम्मद हारुन और आसमा रज्जाक के खिलाफ केस दर्ज किया है। सीओ नगीना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)