काकोरी में गैस गोदाम से 409 खाली सिलेंडर लूटे:22 हजार रुपए भी ले गए बदमाश, मजदूरों को पीटा, एक को पकड़ ले गए
काकोरी थाना क्षेत्र के पुरैना गांव स्थित भारत गैस गोदाम से 409 खाली गैस सिलेंडर और मजदूरों की मजदूरी के 22 हजार रुपए की लूट का मामला सामने आया है। एजेंसी मालिक इस्लाम अहमद अब्बासी ने मोहम्मद यूसुफ समेत पांच लोगों के खिलाफ मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की है। शिकायतकर्ता ने एक मजदूर को भी अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के मुताबिक, छह अक्टूबर 2026 को मोहम्मद यूसुफ चार अन्य लोगों के साथ कार से शाम करीब पांच बजे गैस गोदाम पहुंचा था। वहां मौजूद मजदूरों से पूछताछ करने के बाद सभी लोग चले गए। आरोप है कि उसी रात करीब साढ़े आठ बजे पांचों लोग दोबारा गोदाम पहुंचे। उस समय मजदूर खाना बना रहे थे। आरोप है कि उन्होंने मजदूरों के साथ मारपीट की और उनका खाना फेंक दिया। इसके बाद गोदाम के गेट का ताला तोड़कर अंदर रखे 409 खाली सिलेंडर और मजदूरों की मजदूरी के 22 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपितों ने मजदूरों को पीटकर गोदाम से भगा दिया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित अवैध असलहों से लैस थे। सुबह गोदाम की चारों तरफ की दीवारें टूटी मिलीं एजेंसी मालिक के अनुसार, घटना की जानकारी उन्हें रात करीब 12 बजे कंप्यूटर ऑपरेटर धीरज कुमार ने फोन पर दी। अगले दिन सुबह गोदाम की चारों तरफ की दीवारें तोड़े जाने और सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली। उनका दावा है कि कैमरा टूटने से पहले की कुछ तस्वीरें उनके पास मौजूद हैं। प्रार्थना पत्र में प्रमोद कुमार नाम के मजदूर को भी साथ ले जाने और उसके बारे में जानकारी नहीं मिलने की बात कही गई है। प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)