कामाख्या धाम में सामूहिक विवाह समारोह, 176 जोड़े बने हमसफर:दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी हुआ; अयोध्या में 11033 शादियों पर 60.20 करोड़ रुपए खर्च

Oct 16, 2026 - 18:09
0
कामाख्या धाम में सामूहिक विवाह समारोह, 176 जोड़े बने हमसफर:दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी हुआ; अयोध्या में 11033 शादियों पर 60.20 करोड़ रुपए खर्च
अयोध्या जिले के रुदौली तहसील क्षेत में शुक्रवार 16 अक्टूबर को खुशियों और उल्लास का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आदर्श नगर पंचायत कामाख्या धाम में आयोजित भव्य समारोह में 184 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें 176 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें दो मुस्लिम महिलाओं का निकाह भी शामिल रहा। समारोह का शुभारंभ शहनाइयों की मधुर धुन, वैदिक मंत्रोच्चार, गणेश वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विवाह मंडप को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। नवदंपतियों को पारंपरिक परिधान पहनाए गए और वैदिक रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराए गए। कार्यक्रम में रुदौली विधायक, नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा पांडेय समेत अन्य जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी पहुंचे। कार्यक्रम में रुदौली, मवई और नगर पंचायत कामाख्या धाम क्षेत्र के जोड़े शामिल हुए। सरकार की ओर से नवदंपतियों को उपहार और सहायता राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रुदौली विधायक ने कहा कि सरकार जनधन योजना के माध्यम से गरीबों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर जनकल्याणकारी योजनाओं की राशि सीधे उनके खातों में भेज रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बहनों और बेटियों के नाम आवास दिए जा रहे हैं, यह डबल इंजन सरकार की उपलब्धि है। विधायक ने कहा कि अयोध्या जनपद में जब से भाजपा की सरकार बनी है तब से 11033 हजार सामूहिक शादियां हुई है जिस पर 60 करोड़ 20 लाख 61 हजार रुपए खर्च किया गया है। उन्होंने ने बताया कि आदर्श नगर पंचायत कामाख्या धाम में ही एक हजार से अधिक लाभार्थियों को आवास दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शुरू की गई योजनाएं भाजपा शासित राज्यों में सफलतापूर्वक चल रही हैं। योगी सरकार ने महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रदेश में नए थाने खुलवाए हैं, इसी क्रम में बाबा बाजार में भी नया थाना स्थापित हुआ है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User