कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला समेत 5 पर FIR:विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ ‘‘बहाना जी’’ पेज बनाकर अभद्र टिप्पणी करने पर हुआ एक्शन
कानपुर की चकेरी पुलिस ने ‘‘बहाना जी’’ नाम से फेसबुक पेज बनाकर विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ पोस्ट करने पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला समेत 5 लोगों के खिलाफ चकेरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में तीन महीने के भीतर यह 7वीं रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस पूरे मामले को लेकर संदीप ने संगठन में शिकायत की है। अब कांग्रेस की लगल सेन कानपुर पहुंचेगी और पूरे मामलों का अध्ययन करने के बाद पुलिस कमिश्नर से मिलेगी और हाईकोर्ट जाएगी। इससे कि इस तरह की एफआईआर को खारिज कराया जा सके। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बहाना जी नाम से चला रहे सोशल मीडिया पेज भारतीय जनता युवा मोर्चा चकेरी मंडल के उपाध्यक्ष अंशु गुप्ता की तहरीर पर चकेरी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। अंशु ने बताया कि 17 अक्तूबर 26 को फेसबुक पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी पोस्ट की गई है। कांग्रेस नगर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला के साथ तरुष पटावा, अंकित कनौजिया, रवि पटावा, निखिल गुप्ता समेत अन्य लोग ने बहाना जी नाम से फेसबुक पेज बनाया है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ लगातार उनकी छवि धूमिल करने वाले और अमार्यादित पोस्ट किए जा रहे हैं। चकेरी पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाध्यक्ष समेत अन्य के खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष के गुर्गों की ओर से दो महीने के भीतर मेरे साथ ही अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ यह 7वीं एफआईआर दर्ज कराई गई है। प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही कांग्रेस की लीगल सेल को पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है। क्षेत्र की समस्याएं उठाने पर दर्ज कराई जा रही FIR कांग्रेसी नेता संदीप शुक्ला ने बताया कि मेरे खिलाफ और कार्यकर्ताओं के खिलाफ यह 7वां मुकदमा महाना नजदीकियों की ओर से दर्ज कराया गया है। सतीश महाना के भ्रष्टाचार और उनके क्रियाकलाप को उजागर करने से बौखलाए हुए हैं। क्षेत्र के विधायक हैं तो जल भराव की समस्या या कोई परेशानी होगी तो पब्लिक उन्हीं से सवाल करेगी न। पिछले दिनों बरसात हुई थी, जलभराव था, तो किसी लड़के ने अगर जलभराव को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। लिखा कि "माननीय महाना जी ध्यान दें, हमारे यहां जलभराव है", तो इस पर एक मुकदमा कर दिया जाता है। गांजा बिक रहा है सतीश महाना के घर के ठीक बगल में। और वह सतीश महाना का ही कार्यकर्ता है जिसने कल मुकदमा लिखवाया है, अंशू गुप्ता। खुलेआम गांजा बेचता है, सतीश महाना की जानकारी में है और सतीश महाना के साथ मॉर्निंग वॉक करता है। अब तक महाना की ओर से 7 मुकदमें दर्ज कराए जा चुके हैं। अब हम लोग कमिश्नर साहब से मिलेंगे कि यह जो थाना चकेरी की पुलिस है, जिसको कि अपराधी चला रहे हैं, यह कमिश्नरेट पुलिस नहीं चला रही है। थाना चकेरी की पुलिस, यह अपराधी चला रहे हैं। और सतीश महाना का जो पीआरओ है शानू शर्मा, यह दो-दो हजार रुपये लेकर मुकदमे कराता है। यह मुकदमा सब एक ही बात को लेकर, कोई बहाना जी पेज... यह एक सटायर है। यह अपने जनप्रतिनिधि को अगर जगाने के लिए, उसकी कमियों को उजागर करने के लिए कोई सटायर चलाया जाता है, तो उस पर कोई अपराध नहीं हो जाता। आप अपनी चीजें सुधारिए, भ्रष्टाचार बंद करिए, जनता के हितों पर काम करिए। वह नहीं करेंगे, जो मुद्दे उठाए जाएंगे, उन मुद्दे उठाने वालों के खिलाफ यह मुकदमे करते हैं। वादी बोला मेरे नेता के खिलाफ बोला तो दर्ज कराई रिपोर्ट एफआईआर दर्ज कराने वाले वादी अंशु गुप्ता ने बताया कि मैं भारतीय जनता पार्टी का एक बहुत छोटा सा सिपाही हूं। हमारे किसी भी नेता के ऊपर कोई अभद्र टिप्पणी या फ़ेसबुक पर कुछ भी लिखेगा, तो उसके लिए हम हमेशा खड़े हैं। हम इतने बड़े नेता के लिए तो छोटे से आदमी का नाम नहीं लेना चाहेंगे न। अब इतने बड़े नेता के लिए हम उस छोटे से आदमी का नाम लें, तो बेकार है। मैंने रिपोर्ट दर्ज कराई है, पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों के खिलाफ एक्शन लेना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)