कानपुर बिठूर चेयरमैन उपचुनाव:भाजपा और निर्दलीय सपा नेता के बीच दिखा मुकाबला, महिलाओं से अधिक पुरूषों ने किया मतदान, कल होगी मतगणना
बिठूर नगर पंचायत के चेयरमैन पद के लिए मंगलवार को हुए उपचुनाव में भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच सीधा मुकाबला नजर आया। उपचुनाव में कुल 65.4% मतदान हुआ। नगर पंचायत के 10 वार्डों में 9,474 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 6,193 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पिछले चुनाव के मुकाबले उपचुनाव में मतदान प्रतिशत में 6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। यह उपचुनाव लगातार 5 बार चेयरमैन रहीं डॉ. निर्मला सिंह के निधन के बाद कराया गया। उनके निधन के चलते चेयरमैन पद खाली हो गया था। उपचुनाव में बचे हुए करीब 13 महीने के कार्यकाल के लिए जनता ने अपने चेयरमैन को चुनने के लिए मतदान किया। सीधे तौर से बिठूर नगर पंचायत चेयरमैन उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी और निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे, सपा नेता के बीच उपचुनाव में सीधी टक्कर दिखाई दी। पुरुषों ने 69%, महिलाओं ने 61% किया मतदान
बिठूर नगर पंचायत के 10 वार्डों में कुल 9,474 मतदाता हैं। इनमें 5,044 पुरुष और 4,430 महिला मतदाता शामिल हैं। मंगलवार को हुए मतदान में 3,484 पुरुषों और 2,709 महिलाओं ने वोट डाले।
कुल मतदाता: 9,474
कुल मतदान: 6,193
कुल मतदान प्रतिशत: 65.4%
पुरुषों का मतदान प्रतिशत: करीब 69%
महिलाओं का मतदान प्रतिशत: करीब 61% मतदान केंद्रों पर सबसे कम मतदान ब्रह्मनगर केंद्र पर हुआ। यहां करीब 53% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं, बाकी मतदान केंद्रों पर मतदान करीब 70% के आसपास रहा। 7 ने भरा था पर्चा, मैदान में रहे 3 प्रत्याशी
बिठूर नगर पंचायत के उपचुनाव में शुरुआत में कुल 7 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था। हालांकि, चुनाव मैदान में अंतिम रूप से केवल 3 प्रत्याशी ही रहे। इसके बावजूद मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी राणा समरेन्द्र सिंह और निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी उर्फ विभू के बीच दिखाई दिया।
भाजपा ने दिवंगत चेयरमैन डॉ. निर्मला सिंह के बड़े बेटे राणा समरेन्द्र सिंह को प्रत्याशी बनाया। समरेन्द्र सिंह बिठूर से भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा के बड़े भाई हैं। वहीं आदर्श द्विवेदी सपा के पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला के भतीजे हैं। भाजपा प्रत्याशी बोले- मां के साथ रहकर बिठूर की सेवा की
भाजपा प्रत्याशी राणा समरेन्द्र सिंह अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आए। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी मां के साथ रहकर बिठूर की सेवा की है। उन्हें उम्मीद है कि जनता उनके परिवार के सेवा भाव को देखते हुए एक बार फिर बिठूर की सेवा करने का मौका देगी। कांग्रेस से प्रदीप द्विवेदी मैदान में
कांग्रेस ने चेयरमैन पद के लिए प्रदीप द्विवेदी को प्रत्याशी बनाया। वह पहले भी चेयरमैन पद का चुनाव लड़ चुके हैं। उनका कहना है कि यदि जनता उन्हें मौका देती है, तो नगर पंचायत के सभी 10 वार्डों में मौजूद कमियों को दूर करने का प्रयास करेंगे। निर्दलीय आदर्श द्विवेदी ने गदा चुनाव चिह्न पर मांगे वोट
उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी उर्फ विभू मैदान में नजर आए। वह समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं और कानपुर ग्रामीण समाजवादी लोहिया वाहिनी के उपाध्यक्ष हैं। इसके अलावा वह बिठूर के वार्ड नंबर 10 से सभासद भी हैं। हालांकि, इस उपचुनाव में वह समाजवादी पार्टी के चुनाव चिह्न पर नहीं, बल्कि निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में गदा चुनाव चिह्न के साथ मैदान में उतरे। आदर्श द्विवेदी ने जनता का समर्थन मिलने का दावा करते हुए अपनी जीत का भरोसा जताया। 15 अक्टूबर को होगी मतगणना
बिठूर नगर पंचायत चेयरमैन पद के उपचुनाव की मतगणना 15 अक्टूबर, गुरुवार को सुबह 8 बजे नगर पंचायत भवन में शुरू होगी। मतगणना के बाद तय होगा कि भाजपा प्रत्याशी राणा समरेन्द्र सिंह बाजी मारते हैं या निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी उर्फ विभू जीत दर्ज करते हैं। कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप द्विवेदी भी चुनाव परिणाम का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)