कानपुर देहात में आधी रात स्लीपर बसों की चेकिंग:रोडवेज बसें भी जांच के दायरे में, खामियों पर चालान

Oct 14, 2026 - 10:08
0
कानपुर देहात में आधी रात स्लीपर बसों की चेकिंग:रोडवेज बसें भी जांच के दायरे में, खामियों पर चालान
कानपुर देहात में स्लीपर बसों में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों और यातायात निदेशालय के आदेशों के मंगलवार और बुधवार की मध्य रात बसों की सघन चेकिंग की गई। इस बार यातायात पुलिस ने रोडवेज बसों को भी अभियान में शामिल किया। 13 और 14 अक्टूबर की रात चलाए गए अभियान के दौरान जिले में संचालित होने वाली और दूसरे जनपदों से आने वाली स्लीपर बसों की जांच की गई। पुलिस का फोकस इस बात पर रहा कि बसों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए निर्धारित मानकों का पालन हो रहा है या नहीं। चेकिंग के दौरान बसों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी स्थिति परखी गई। इमरजेंसी गेट निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं या नहीं, साथ ही वे आपात स्थिति में काम करने की हालत में हैं या नहीं, इसकी भी जांच की गई। चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच इसके अलावा बसों में एडीएएस यानी एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम की उपलब्धता, ड्राइवर और कंडक्टर के लाइसेंस तथा चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई। बसों में किसी संदिग्ध या ज्वलनशील वस्तु की मौजूदगी की भी पड़ताल की गई। यात्रियों से इमरजेंसी गेट की जानकारी और आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में सवाल पूछे गए, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्री सुरक्षित बाहर निकल सकें। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। यात्री वाहनों की रात में नियमित चेकिंग जारी यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्लीपर बसों और अन्य यात्री वाहनों की रात में नियमित चेकिंग जारी रहेगी। अब देखना होगा कि लगातार चल रहे इस अभियान से बसों में सुरक्षा मानकों का पालन कितना सुनिश्चित हो पाता है और यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले वाहनों पर कितनी प्रभावी कार्रवाई होती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User