कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:महाना के आवास के बाहर दिव्यांगों का धरना, राजभर की चुनौती- अखिलेश मेरे सामने लड़कर दिखाएं

Oct 12, 2026 - 06:47
0
कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:महाना के आवास के बाहर दिव्यांगों का धरना, राजभर की चुनौती- अखिलेश मेरे सामने लड़कर दिखाएं
नमस्कार, कानपुर की कल (रविवार) की 10 बड़ी खबरें… विधानसभा अध्यक्ष के आवास के बाहर दिव्यांगों का धरना जारी रहा। दो कार्यकर्ताओं को जीप में बैठाकर पुलिस ले गई। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख को चुनौती दी। कहा- कहा- अगर उनमें हिम्मत है तो अयोध्या से सीएम योगी के खिलाफ चुनाव लड़कर दिखाएं। अगर वहां लड़ने से डर लग रहा है तो मेरी जहूराबाद सीट से चुनाव मैदान में उतरें। ऐसी ही 10 बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…। सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें- 1- मां कूष्मांडा मंदिर में मेयर ने मत्था टेका, दंडवत होकर पहुंचा भक्त, नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में भीड़ कानपुर में नवरात्रि के पहले दिन रविवार को देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। बिरहाना रोड स्थित तपेश्वरी मंदिर में ‘जय माता दी’ के जयकारे गूंजते रहे। भक्तों ने चुनरी और नारियल चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर में मन्नत के 506 दीपक जलाए गए। इसके अलावा बारह देवी, कुष्मांडा देवी, आशा देवी और काली मंदिरों में भी सुबह से दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। पढ़ें पूरी खबर… 2- नकली सोने पर 18 कैरेट की हॉलमार्किंग, 4 आरोपी हिरासत में, मशीन जब्त कानपुर के बिरहाना रोड स्थित सोना-चांदी ज्वैलर्स शोरूम में सोने के जेवरों पर फर्जी हॉलमार्किंग का मामला सामने आया है। 9 अक्टूबर को एक महिला चेन और दो अंगूठियां बेचने पहुंची। जांच में जेवरों में सोने की शुद्धता करीब 10% मिली। शोरूम मैनेजर की शिकायत पर फीलखाना पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने चौक सराफा की एक दुकान से हॉलमार्किंग मशीन जब्त कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू की है। पढ़ें पूरी खबर... 3- कानपुर के 2 श्रद्धालुओं की MP में मौत, बोलेरो नदी में गिरी, 4 घायल कानपुर से मैहर में शारदा माता के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो रविवार तड़के करीब 3 बजे मध्यप्रदेश के चित्रकूट में नदी में गिर गई। हादसे में कानपुर निवासी सुनील गुप्ता (50) और हिमांशु सिंह सेंगर (30) की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल हैं। मौके से गुजर रहे पैदल तीर्थयात्रियों ने नदी में उतरकर सभी को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घायलों को जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पढ़ें पूरी खबर... 4- कानपुर में ओमप्रकाश राजभर बोले- डर लग रहा तो मेरी सीट से चुनाव लड़ें अखिलेश कानपुर में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने रविवार को अखिलेश यादव को चुनौती दी कि हिम्मत है तो अयोध्या से सीएम योगी के खिलाफ चुनाव लड़कर दिखाएं। उन्होंने कहा कि अयोध्या से डर लगता है तो उनकी जहूराबाद सीट से चुनाव लड़ें। राजभर ने वोट चोरी के आरोपों पर भी सवाल उठाए। कहा कि अगर अखिलेश के पास सबूत हैं तो सामने लाएं। उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार में माफिया जेल में हैं और युवाओं को बिना पैसे नौकरी मिल रही है। पढ़ें पूरी खबर... 5- पिकअप ने स्कूटी सवार को रौंदा, भागने के चक्कर में 200 मीटर तक घसीटा ले गया, युवक बाल-बाल बचा कानपुर में स्कूटी सवार युवक को पिकअप ने टक्कर मार दी। फिर भागने के चक्कर में स्कूटी सवार को 200 मीटर तक घसीटता ले गया गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया। लेकिन स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। युवक ने कहा- एक पल के लिए उसे ऐसा लगा कि अब वह नहीं बच सकता। लेकिन माता रानी की कृपा से उसकी जान बच गई। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। पीड़ित ने घाटमपुर थाने पहुंचकर तहरीर दी है। पुलिस पिकअप की तलाश कर रही है। पढ़ें पूरी खबर… 6- कोडीन कांड की जांच करेगी क्राइम ब्रांच, पकड़ी थी 25 हजार सीरप की शीशियां, ट्रांसपोर्टरों की हो रही चेकिंग कानपुर के टांसपोर्ट नगर में राजधानी इंटरस्टेट ट्रांसपोर्ट के गोदाम से 25 हजार कोडीन युक्त कफ सीरप की शीशियां पकड़े जाने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। आरोपी मिहिर कुमार ठाकुर के कबूलनामे के बाद एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की कानपुर और लखनऊ की एक संयुक्त टीम ने यहां डेरा डाल दिया है। इस दौरान गुपचुप तरीके से ट्रांसपोर्टरों की कुंडली खंगाली जा रही है। इसके साथ ही अब इस पूरे मामले की जांच क्राइम ब्रांच करेगी। इंटेलीजेंस की भी मदद ली जा रही है। पढ़ें पूरी खबर… 7- राज्यसभा सांसद बनने पर हनुमान जी के चरणों में सर्टिफिकेट रखा, बोले- CJP को विदेशी ताकतों ने बनाया राज्यसभा सांसद बनने के बाद प्रकाश पाल पहली बार कानपुर पहुंचे। उन्होंने आराधना मंदिर में हनुमान जी के चरणों में सांसद बनने का प्रमाणपत्र रखा, लड्डू का भोग लगाया और शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें पिछड़ा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद बनाकर बड़ी जिम्मेदारी दी है। इसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने सीजेपी पर भी निशाना साधते हुए इसे विदेशी ताकतों का बनाया संगठन बताया। पढ़ें पूरी खबर… 8- मां ने मासूम को फेंका, फिर छत से कूदी, शादी की सालगिरह पर विवाद, दो दिन बाद तोड़ा दम कानपुर के गुजैनी में शादी की तीसरी सालगिरह पर खुशियां मना रहे परिवार में विवाद के बाद मातम छा गया। बड़ी बहन के घर से जाने से नाराज 20 वर्षीय रोशनी ने 14 माह की बेटी को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। नीचे मौजूद पति ने बच्ची को पकड़कर उसकी जान बचा ली। इसके बाद रोशनी ने भी छलांग लगा दी। गंभीर हालत में हैलट अस्पताल में भर्ती रोशनी की रविवार सुबह मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर... 9- महाना के आवास के बाहर दिव्यांगों का धरना जारी, पुलिस दो को ले गई, 6 महीने से सुनवाई नहीं होने का आरोप कानपुर में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के लालबंगला स्थित आवास के बाहर दिव्यांगों ने रविवार को दूसरे दिन भी धरना दिया। भारत दिव्यांग सेवा के अध्यक्ष प्रदीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने सफाई, अतिक्रमण हटाने, आवारा कुत्तों पर कार्रवाई और एक कार्यकर्ता को नौकरी देने की मांग की। पुलिस दो कार्यकर्ताओं को जीप में बैठाकर ले गई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि छह महीने से अधिकारियों के चक्कर काटने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। पढ़ें पूरी खबर... 10- कानपुर से गुजरेंगी 4 त्योहार स्पेशल ट्रेनें, दिल्ली,बिहार और मुंबई जाने वाले यात्रियों को राहत त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कानपुर होकर गुजरने वाली विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है। शकूरबस्ती-मानसी स्पेशल नवंबर में चलेगी, जबकि उधना-जयनगर और बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल अक्टूबर में संचालित होंगी। ये ट्रेनें कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी स्टेशन पर रुकेंगी। इनके चलने से दिल्ली, बिहार, गुजरात, मुंबई और गोरखपुर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। इनमें अनारक्षित श्रेणी की ट्रेनें भी शामिल हैं। पढ़ें पूरी खबर…

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User