कानपुर में डेंगू के 7 नए मरीज मिले:इस साल संख्या 155 पहुंची, 8 इलाकों में मिले संक्रमित
कानपुर में डेंगू का संक्रमण लगातार नए इलाकों में पहुंच रहा है। रविवार को डेंगू के 7 नए मरीज मिले। इसके साथ ही इस साल डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या 155 हो गई है। डेंगू के अलावा लेप्टोस्पायरोसिस का भी एक नया मरीज मिला है। इस साल इस बीमारी के अब तक 3 मरीज सामने आ चुके हैं। मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग संबंधित इलाकों में निगरानी और जांच करा रहा है। हैलट की ओपीडी में भी मरीजों की भीड़ लगी रही। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। 8 इलाकों में मिले डेंगू के मरीज डेंगू के नए मरीज भदरसा घाटमपुर, नई बस्ती गोविंद नगर, शिवराजपुर, हरबंश मोहाल, भीतरगांव, कल्याणपुर, चकेरी और सनिगवां-चंदन नगर क्षेत्र में मिले हैं। मरीजों की जानकारी मिलने के बाद इन इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी बढ़ा दी गई है। डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि जिन इलाकों में डेंगू के मरीज मिले हैं, वहां जांच कराई जा रही है। लोगों को डेंगू से बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से घर, छत और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। जलभराव से बढ़ता है लेप्टोस्पायरोसिस का खतरा लेप्टोस्पायरोसिस लेप्टोस्पाइरा नाम के बैक्टीरिया से होने वाला संक्रमण है। यह संक्रमित जानवरों, खासकर चूहों के पेशाब से दूषित पानी या मिट्टी के संपर्क में आने से फैल सकता है। बारिश, बाढ़ और जलभराव के दौरान इसका खतरा बढ़ जाता है। दूषित पानी शरीर पर कट या घाव के संपर्क में आने पर बैक्टीरिया अंदर पहुंच सकता है। इसके सामान्य लक्षणों में बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, उल्टी और आंखों में लालिमा शामिल हैं। संचारी रोगों की सूचना के लिए हेल्पलाइन संचारी रोगों से जुड़ी सूचना और जानकारी के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम में 0512-2333810 और 9335301096 पर संपर्क किया जा सकता है। नगर निगम के कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2526004 और 0512-2526005 हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)