कानपुर में रात का 'सफाई ऑपरेशन' जारी:DM-नगर आयुक्त निरीक्षण पर निकले, अब HBTU की टीम करेगी सड़कों की गुणवत्ता जांच

Oct 09, 2026 - 07:45
0
कानपुर में रात का 'सफाई ऑपरेशन' जारी:DM-नगर आयुक्त निरीक्षण पर निकले, अब HBTU की टीम करेगी सड़कों की गुणवत्ता जांच
कानपुर में आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर की सफाई व्यवस्था और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। गुरुवार रात जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने शहर के कई इलाकों का रात 11 बजे निरीक्षण किया। इस दौरान कूड़ा उठान, गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (GVP), नाइट स्वीपिंग और सड़क निर्माण कार्यों का मौके पर जायजा लिया गया। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने सफाई व्यवस्था मजबूत करने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। GVP पर कर्मचारी की होगी तैनाती निरीक्षण की शुरुआत गोविंद नगर के पुराने पुल के पास कच्ची बस्ती में बने GVP से हुई। मौके पर कर्मचारियों ने बताया कि मालिन बस्ती से रोजाना करीब 2 मीट्रिक टन कूड़ा लाया जाता है। डीएम ने यहां कूड़ा निस्तारण और सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए एक कर्मचारी की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही वहां पड़ी पुरानी हैंडकार्ट को हटाने और दोबारा कूड़ा जमा न होने की व्यवस्था करने को कहा। कच्ची बस्ती की ओर से GVP पर जमा कूड़ा दिखाई न दे, इसके लिए व्यू कटर लगाने के निर्देश भी दिए गए। डीएम महेंद्र सिंह ने कहा कि कूड़ा उठान के बाद वहां दोबारा कचरा जमा नहीं होना चाहिए। नटराज सिनेमा के पास सड़क निर्माण का निरीक्षण इसके बाद टीम ने गोविंद नगर में नटराज सिनेमा के आगे फल मंडी के पास चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। डीएम ने यहां नाइट स्वीपिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल सफाई कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी निगरानी भी की जाए। प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर रात में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। HBTU से होगी मरम्मत सड़कों की टेस्टिंग अधिशासी अभियंता ने बताया कि फल मंडी के पास सड़क करीब 3 किलोमीटर लंबी है। इसके पहले 1.5 किलोमीटर हिस्से में 4 पैच और दूसरे 1.5 किलोमीटर हिस्से में 3 पैच बनाए जाने प्रस्तावित हैं। हर पैच की लंबाई करीब 10 मीटर होगी। जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री के सैंपल लिए जाएं और उनकी गुणवत्ता की जांच एचबीटीयू से कराई जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। अधिशासी अभियंता ने बताया कि कोर कटर तकनीक के माध्यम से थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन कराया जाएगा, ताकि सड़क की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण की पुष्टि हो सके। अक्टूबर अंत तक पूरे होंगे काम आगामी त्योहारों को देखते हुए जिलाधिकारी ने क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता ने बताया कि अक्टूबर के अंत तक संबंधित जोन में चिन्हित सभी सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को रात्रिकालीन सफाई और कूड़ा उठान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों पर विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखने को कहा, ताकि त्योहारों के दौरान शहर साफ-सुथरा, सुगम और व्यवस्थित नजर आए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User