कानपुर से कासगंज तक डबल होगी रेलवे लाइन:कन्नौज में महाप्रबंधक ने विस्तारीकरण की जानकारी दी, पार्किंग एरिया में गंदगी मिलने पर भड़के
कन्नौज पहुंचे पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने गुरुवार शाम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कानपुर से कासगंज तक रेलवे लाइन को डबल करने का काम किया जाएगा। इससे ट्रेनों की स्पीड बढ़ेगी। निरीक्षण के दौरान उन्हें पार्किंग एरिया में गंदगी मिली और ओएचई का सपोर्ट वायर टूटा मिला। जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कन्नौज रेलवे स्टेशन का कायाकल्प का काम किया जा रहा है। यहां यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। प्लेटफार्म का विस्तार होगा और स्टेशन का सौंदर्यीकरण कर आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। जीएम उदय बोरवणकर ने करीब 40 मिनट तक स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों को देखा। काम की गति धीमी मिलने पर संस्था को नोटिस देने की चेतावनी दी और उन्होंने कार्यदायी संस्था को तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्म, वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, फुट ओवरब्रिज, जनरेटर कक्ष और निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया गया। उन्होंने कहा कि कानपुर-कासगंज रेललाइन के दोहरीकरण से ट्रेनों की रफ्तार बढ़ेगी और इस रूट पर कई नई ट्रेनें चलाने की संभावनाएं भी बनेंगी। यहां डीआरएम वीणा सिन्हा, कमांडेंट मिथुन सोनी, स्टेशन मास्टर अंजनी प्रसाद मौजूद रहे। व्यापारियों ने उठाई मांग उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जीएम से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें व्यापारियों ने मांग की कि एलीवेटेड ट्रैक निर्माण के दौरान कालिंदी एक्सप्रेस को टूंडला-इटावा होकर कानपुर-प्रयागराज तक चलाने के बजाय फर्रुखाबाद जंक्शन से होते हुए मंधना तक संचालित किया जाए। साथ ही स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में शौचालय और दुकानों का निर्माण कराने की मांग भी रखी। इस दौरान व्यापारी नेता रामजी अग्रवाल, नवीन गुप्ता, आनंद कुशवाहा, मोनू दुबे और अनुपम बाजपेयी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)