खराब सड़क पर तेज रफ़्तार वाहन ने एमआर को रौंदा:कानपुर में पीछे से जोरदार टक्कर मारी, 8 मीटर दूर तक घिसटता रहा

Oct 18, 2026 - 10:58
0
खराब सड़क पर तेज रफ़्तार वाहन ने एमआर को रौंदा:कानपुर में पीछे से जोरदार टक्कर मारी, 8 मीटर दूर तक घिसटता रहा
कानपुर की बदहाल सड़क एक और युवक की मौत की वजह बन गई। रविवार सुबह यशोदानगर में खराब सड़क पर बाइक की रफ्तार धीमी करना दवा कंपनी के मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) सूरज मिश्रा (26) के लिए जानलेवा साबित हुआ। पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूरज करीब पांच फीट उछलकर सड़क पर गिरा और घिसटते हुए आठ मीटर दूर तक चला गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। उधर, परिवार के इकलौते कमाने वाले बेटे की मौत से घर में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक, सूरज नौबस्ता के जरौली फेस-1 में परिवार के साथ रहता था। छुट्टी होने के कारण वह बाइक से अपने मूल निवास प्रयागराज के इस्माइलगंज जा रहा था। वह नौबस्ता से रामादेवी फ्लाईओवर से जारहा था। इसी दौरान यशोदानगर में खराब सड़क के कारण उसने बाइक धीमी की, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से भाग निकला। राहगीरों ने घायल सूरज को एंबुलेंस की मदद से कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन परिजनों का आरोप है कि युवक की मौत के करीब तीन घंटे बाद भी पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू नहीं की गई। जवान बेटे को खोने के गम में डूबे परिजन अस्पताल में परेशान होते रहे। पुलिस की कार्यशैली और कार्रवाई में देरी को लेकर परिजनों में नाराजगी रही। सूरज के चचेरे भाई जयशिव मिश्रा ने बताया कि मृतक के पिता राजीव मिश्रा किसान हैं। परिवार में मां कुसुम और छोटा भाई नितिन मिश्रा हैं। सूरज नौकरी कर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसकी मौत से परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने हादसे के लिए खराब सड़क की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। वहीं, टक्कर मारकर फरार वाहन चालक की तलाश और पोस्टमार्टम की कार्रवाई में कथित देरी को लेकर पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। परिजनों का कहना है कि, शव को अंतिम संस्कार के लिए प्रयागराज ले जाना है। पुलिस देरी करेगी तो अगले ही दिन अंतिम संस्कार होगा। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम भेजने की कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फूटेज लगे। सीसीटीवी की मदद से आरोपी की तलाश करके विधिक कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User