कम पानी वाले इलाकों में गेहूं की जगह सरसों-चना उगाएं:मिर्जापुर के BHU कृषि वैज्ञानिक की सलाह, कम लागत में अच्छी आमदनी होगी

Oct 10, 2026 - 09:56
0
कम पानी वाले इलाकों में गेहूं की जगह सरसों-चना उगाएं:मिर्जापुर के BHU कृषि वैज्ञानिक की सलाह, कम लागत में अच्छी आमदनी होगी
मिर्जापुर में मौसम में अनिश्चितता और मिट्टी में नमी की कमी को देखते हुए किसानों को रबी फसलों की तैयारी वैज्ञानिक तरीके से करने की जरूरत है। यह सलाह काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र, बरकछा के अध्यक्ष प्रो. श्रीराम सिंह ने किसानों को दी है। उन्होंने कहा है कि जिन क्षेत्रों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं है, वहां किसान गेहूं के बजाय सरसों, चना, मसूर, मटर और जौ जैसी फसलों की खेती कर सकते हैं। इससे कम पानी और कम लागत में बेहतर आमदनी की संभावना बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान खरीफ सीजन पर अलनीनो का संभावित प्रभाव और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण मिट्टी की नमी प्रभावित हो सकती है। इसका असर रबी फसलों की बुवाई और उत्पादन पर पड़ने की आशंका है। ऐसे में किसान अपनी जमीन, उपलब्ध सिंचाई संसाधनों और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार फसलों का चयन करें। कम अवधि में पकने वाली किस्में चुनें प्रो. सिंह ने कहा कि मिट्टी में पर्याप्त नमी नहीं होने से बुवाई में देरी हो सकती है। वहीं, फसल में दाना भरने के समय तापमान बढ़ने से उत्पादन प्रभावित हो सकता है। इससे बचने के लिए किसान कम अवधि में पकने वाली प्रजातियों का चयन करें। विशेष परिस्थितियों में गेहूं की कम अवधि वाली किस्में भी बोई जा सकती हैं। विकल्प के रूप में ज्वार, बाजरा और रागी जैसे श्रीअन्न की खेती पर भी विचार किया जा सकता है। सूक्ष्म सिंचाई और मल्चिंग अपनाएं उन्होंने किसानों को पानी की बचत के लिए स्प्रिंकलर, ड्रिप और रेन गन जैसी आधुनिक सिंचाई तकनीकों का इस्तेमाल करने की सलाह दी। जीरो टिलेज और मल्चिंग विधि अपनाने से मिट्टी की नमी लंबे समय तक सुरक्षित रखने और खेती की लागत घटाने में मदद मिल सकती है। बताया कि खेत की तैयारी के समय कम्पोस्ट, गोबर की खाद और वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग करने से मिट्टी की सेहत बेहतर होती है। इससे नमी संरक्षण और टिकाऊ उत्पादन में भी मदद मिल सकती है। प्रो. सिंह ने किसानों से मौसम और उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप रबी फसलों की योजना बनाने की अपील की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User