लखनऊ के एपी सेन कॉलेज में नवरात्रि पर भजन-डांडिया:छात्राओं ने भजनों की प्रस्तुति दी, पारंपरिक परिधानों में किया डांडिया
लखनऊ में नवरात्रि के रंग में एपी सेन मेमोरियल गर्ल्स पीजी कॉलेज भी रंगा नजर आया। कॉलेज परिसर में गुरुवार को भक्ति और संस्कृति से सराबोर भजन संध्या एवं डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने भजनों की प्रस्तुति दी। इसके बाद पारंपरिक परिधानों में डांडिया खेलकर उत्सव का माहौल बना दिया। कार्यक्रम का आयोजन अतुल प्रसाद सेन कल्चरल क्लब की ओर से किया गया। इसकी शुरुआत कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रचना श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद मां दुर्गा की वंदना की गई। स्वागत-स्वागत, स्वागत आपका, मैया आओ हमरी नगरिया जैसे भक्ति गीतों से परिसर गूंज उठा। छात्राओं ने भजनों की प्रस्तुति दी भजन संध्या में कॉलेज की शिक्षिकाओं और छात्राओं ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों के बीच पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया। इसके बाद छात्राओं ने पारंपरिक परिधानों में डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। डांडिया की शुरुआत होते ही माहौल पूरी तरह उत्सव में बदल गया। छात्राओं ने ढोली तारो ढोल बाजे, पंखिड़ा तू उड़ि न जाना पावागढ़ रे और महाकाली से मिल के कहना, गरबा खेलेंगे जैसे गीतों पर डांडिया किया। उनकी प्रस्तुति ने मौजूद लोगों का मन मोह लिया। गीतों की धुन पर पंडाल में मौजूद लोग भी थिरकने लगे। संस्कृति से जुड़ने का मौका प्राचार्या प्रो. रचना श्रीवास्तव ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। इससे छात्राओं को भारतीय संस्कृति, रीति-रिवाज और परंपराओं को करीब से जानने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन कल्चरल क्लब की संयोजिका प्रो. ऋचा मुक्ता, डॉ. कीर्ति गौड़ और डॉ. अनुपमा ने किया। इस दौरान कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)