लखनऊ में मल्हौर स्टेशन रोड पर शव रखकर प्रदर्शन:सड़क किनारे मिला था मैकेनिक का शव, बर्थडे पार्टी में बुलाकर हत्या करने का आरोप

Oct 07, 2026 - 00:15
0
लखनऊ में मल्हौर स्टेशन रोड पर शव रखकर प्रदर्शन:सड़क किनारे मिला था मैकेनिक का शव, बर्थडे पार्टी में बुलाकर हत्या करने का आरोप
लखनऊ के चिनहट कस्बे में सोमवार सुबह सड़क किनारे मिला शव न्यू नंदी विहार कॉलोनी निवासी संदीप सोनी (23) का निकला। मंगलवार दोपहर लोहिया अस्पताल में उसके भाई तुषार ने शव की शिनाख्त की। तुषार ने संदीप के दो दोस्तों पर बर्थडे पार्टी के बहाने घर बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना से नाराज परिजनों ने मंगलवार देर रात संदीप का शव मल्हौर स्टेशन रोड पर रखकर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। पत्नी से पार्टी में जाने की बात कहकर निकला था तुषार के मुताबिक, संदीप टीवीएस शोरूम की वर्कशॉप में मैकेनिक था। रविवार रात करीब आठ बजे वह पत्नी शोभा से दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने की बात कहकर पैदल घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं आने पर शोभा ने उसे फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इधर, सोमवार सुबह करीब छह बजे चिनहट पुलिस को सड़क पर एक अज्ञात युवक का शव मिला। पुलिस ने शव को लोहिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के भाई तुषार के मोबाइल नंबर की जानकारी मिली। पुलिस की सूचना पर अस्पताल पहुंचे तुषार ने शव की पहचान संदीप के रूप में की। पांच महीने पहले हुई थी शादी तुषार का आरोप है कि संदीप के दो दोस्तों ने उसे बर्थडे पार्टी में बुलाने के बहाने अपने पास बुलाया था। वहां दोनों ने उसकी हत्या कर दी और शव सड़क पर फेंक दिया। संदीप की शादी करीब पांच महीने पहले ही शोभा से हुई थी। तुषार का आरोप है कि उसने चिनहट थाने में पुलिस से संदीप की कॉल डिटेल खंगालने और दोनों दोस्तों से पूछताछ की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पुलिस की कथित हीलाहवाली से नाराज होकर परिजन शव लेकर मल्हौर स्टेशन रोड पहुंच गए और सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे मार्ग पर जाम लग गया। इंस्पेक्टर के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन प्रदर्शन की सूचना पर इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। रात करीब दस बजे पुलिस की ओर से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। दो दोस्तों के खिलाफ नामजद तहरीर एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट ने बताया कि तुषार ने संदीप के दो दोस्तों प्रियांशु और आदि के खिलाफ चिनहट थाने में नामजद तहरीर दी है। मामले की जांच के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गई हैं। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User