मैनपुरी में नलकूप विभाग कर्मचारी की मौत:घर के पास पेड़ से लटका मिला शव, शराब पीने का था आदी
मैनपुरी में नलकूप विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव दीवानी के पास स्थित उसके आवास के नजदीक एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला। आसपास के लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। मरने वाले युवक की पहचान विजेंद्र (35) पुत्र राजाराम निवासी बुर्रा, थाना कोतवाली के रूप में हुई है। विजेंद्र पिछले करीब 15 साल से नलकूप विभाग में रनर के पद पर कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक नौकरी के कारण वह ज्यादातर समय मैनपुरी में ही रहता था और गांव में उसका आना-जाना कम था। दीवानी के पास स्थित आवास में वह अकेले रहता था। मृतक के चाचा धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे आसपास के लोगों ने फोन कर घटना की जानकारी दी। फोन पर बताया गया कि विजेंद्र का शव उसके आवास के पास पेड़ पर फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके की ओर पहुंचे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही पुलिस शव को फंदे से नीचे उतार चुकी थी। धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि विजेंद्र शराब पीने का आदी था। इसी वजह से परिजनों को आशंका है कि उसने मानसिक परेशानी के चलते आत्महत्या की होगी। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मौके से कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। परिजनों के मुताबिक विजेंद्र के परिवार में उसकी पत्नी और दो बच्चे हैं। उसका 14 वर्षीय बेटा और 12 वर्षीय बेटी है। अचानक हुई मौत की खबर से बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)