मेडिकल कॉलेज में MBBS और नर्सिंग छात्रों का विवाद सुलझा:तीन दिन से चल रहे विवाद का शांतिपूर्ण समाधान, छात्रों ने हाथ मिलाया

Sep 24, 2026 - 22:23
0
मेडिकल कॉलेज में MBBS और नर्सिंग छात्रों का विवाद सुलझा:तीन दिन से चल रहे विवाद का शांतिपूर्ण समाधान, छात्रों ने हाथ मिलाया
जालौन में राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में MBBS और BSc नर्सिंग के छात्र-छात्राओं के बीच तीन दिन से चल रहा विवाद गुरुवार देर शाम करीब 8 बजे शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से गठित पांच सदस्यीय टीम और प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के छात्रों के बीच मध्यस्थता कराई गई। बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने आपसी मतभेद समाप्त करते हुए एक-दूसरे से हाथ मिलाया और भविष्य में कॉलेज परिसर में सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने का भरोसा दिया। छात्रों ने आपसी सम्मान के साथ रहने और किसी भी स्थिति में शैक्षणिक वातावरण खराब नहीं होने देने की बात कही। मध्यस्थता के दौरान अधिकारियों ने छात्रों से आपसी संवाद और संयम के साथ विवादों का समाधान करने की अपील की। मंगलवार को मारपीट के बाद शुरू हुआ था विवाद मंगलवार दोपहर मेडिकल कॉलेज में MBBS और BSc नर्सिंग के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों के कुछ छात्रों के बीच हाथापाई हुई। घटना के बाद BSc नर्सिंग के छात्र-छात्राओं में आक्रोश फैल गया और उन्होंने MBBS छात्रों के खिलाफ धरना शुरू कर दिया। बुधवार को करीब 300 BSc नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने मेडिकल कॉलेज के बाहर धरना देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद छात्रों ने शाम को मार्च निकाला और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी की ओर से छात्रों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। पांच सदस्यीय टीम ने दोनों पक्षों से की बात मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य अरविंद त्रिवेदी ने पांच सदस्यीय टीम गठित की। गुरुवार को टीम ने दोनों पक्षों के छात्र-छात्राओं को अलग-अलग बुलाकर घटनाक्रम और विवाद के कारणों की जानकारी ली। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने भी छात्रों की समस्याएं सुनीं और पूरे मामले को समझने का प्रयास किया। इसके बाद विवाद में शामिल छात्रों को आमने-सामने बुलाकर बातचीत कराई गई। बैठक के दौरान छात्रों को समझाया गया कि मेडिकल कॉलेज शिक्षा और चिकित्सा सेवा से जुड़े भविष्य के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को तैयार करने का संस्थान है। आपसी विवाद और मारपीट से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ ही कॉलेज का शैक्षणिक वातावरण भी खराब होता है। छात्रों ने अनुशासन बनाए रखने का दिया भरोसा मध्यस्थता के दौरान दोनों पक्षों के छात्रों ने भविष्य में एक-दूसरे का सम्मान करने, अनुशासन बनाए रखने और ऐसी किसी गतिविधि में शामिल न होने का भरोसा दिया, जिससे कॉलेज की व्यवस्था प्रभावित हो। इसके बाद दोनों पक्षों के छात्रों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाकर पुराने मतभेद समाप्त करने पर सहमति जताई। पुलिस और मेडिकल कॉलेज प्रशासन की पहल से तीन दिन से चला आ रहा विवाद शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त होने के बाद कॉलेज परिसर में सकारात्मक माहौल देखने को मिला। इस दौरान निरीक्षक पप्पू सिंह की मध्यस्थता और छात्रों को समझाने में निभाई गई भूमिका की भी सराहना की गई। अधिकारियों ने छात्रों से अपील की कि वे अपने अध्ययन और भविष्य पर ध्यान केंद्रित करें तथा कॉलेज में अनुशासन, भाईचारे और सौहार्द का वातावरण बनाए रखें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User