मेरठ में 60 लाख की अवैध शराब बरामद:चंडीगढ़ से बिहार जा रही थी, व्हाट्सएप के जरिए मिला था ऑर्डर, चालक बोला- किश्त जमा करनी थी
मेरठ पुलिस ने चंडीगढ़ से बिहार जा रही करीब 60 लाख रुपए कीमत की अवैध शराब की खेप पकड़ी है। कंकरखेड़ा पुलिस ने रोहटा फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान पंजाब नंबर के कैंटर से 390 पेटी शराब बरामद की। पुलिस ने कैंटर चालक जोगिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि बिहार तक शराब पहुंचाने के लिए उसे 80 हजार रुपए भाड़ा मिलना था। पुलिस के मुताबिक, शराब की डिलीवरी का ऑर्डर व्हाट्सऐप कॉल के जरिए दिया गया था। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि शराब किसने भेजी थी और बिहार में इसे किसे पहुंचाया जाना था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कैंटर को कब्जे में ले लिया है। रोहटा फ्लाईओवर के पास पुलिस को देखकर भागने लगा चालक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ बीबी जीटीएस मूर्ति ने प्रेस वार्ता में बताया कि शनिवार को कंकरखेड़ा पुलिस हाईवे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रोहटा फ्लाईओवर के पास पंजाब नंबर का संदिग्ध कैंटर दिखाई दिया। पुलिस ने कैंटर को रुकवाया तो चालक वाहन से उतरकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद कैंटर को थाने लाकर तलाशी ली गई। 390 पेटियों में मिलीं 3530 बोतलें पूछताछ में चालक ने अपना नाम जोगिंदर सिंह पुत्र दिलीप सिंह बताया। वह ग्राम चक मेघा वीरान, थाना गुरु हर सहाय, जिला फिरोजपुर, पंजाब का रहने वाला है। कैंटर की तलाशी में 390 पेटियां मिलीं। इनमें कुल 3530 बोतलें थीं। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर इसकी कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई है। व्हाट्सऐप कॉल पर मिला था बिहार पहुंचाने का ऑर्डर पुलिस पूछताछ में जोगिंदर ने बताया कि वह पहली बार कैंटर से शराब लेकर जा रहा था। उसके मुताबिक, एक व्यक्ति ने उसे व्हाट्सऐप कॉल कर शराब की पेटियां एक जगह से लोड कर बिहार पहुंचाने के लिए कहा था। इसके बदले 80 हजार रुपए भाड़ा तय हुआ था। जोगिंदर ने बताया कि चंडीगढ़ से करीब 40 किलोमीटर दूर उसे शराब की खेप सौंपी गई थी। कैंटर की किश्त जमा करने के लिए तैयार हुआ काम जोगिंदर के मुताबिक, उसने कैंटर फाइनेंस कराया हुआ है और उसकी किश्त जमा करने में परेशानी हो रही थी। इसी वजह से उसने ज्यादा पैसे मिलने का काम समझकर यह ऑर्डर ले लिया। उसका दावा है कि उसे नहीं पता था कि शराब की सप्लाई अवैध है। पुलिस उसके इस दावे समेत पूरे मामले की जांच कर रही है। बिहार में किसे पहुंचनी थी खेप, जांच जारी एसएसपी ने बताया कि पुलिस यह पता लगा रही है कि शराब की खेप बिहार में किसे सप्लाई की जानी थी और इसके पीछे कौन लोग हैं। आरोपी के मोबाइल और उससे जुड़े संपर्कों की जांच की जा रही है। कैंटर को कब्जे में लेकर उसके दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)