मिर्जापुर में स्कूल निर्माण रुका, वन विभाग ने जताई आपत्ति:0.169 हेक्टेयर जमीन पर बनना था जूनियर हाईस्कूल, 25.58 लाख का बजट भी जारी हुआ
मिर्जापुर के हलिया विकासखंड के लहुरियादह गांव में प्राथमिक विद्यालय के उच्चीकरण के तहत प्रस्तावित पूर्व माध्यमिक विद्यालय का निर्माण शुरू होने के बाद बंद हो गया। राजमिस्त्री बद्री प्रसाद ने बताया फरसा, तगड़ी आदि सामान वन कर्मी उठा ले गए। विद्यालय के निर्माण के लिए 0.169 हेक्टेयर जमीन उपलब्ध कराई गई थी और शासन से 25.58 लाख रुपए का बजट भी जारी हो चुका है। विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में पूरी धनराशि हस्तांतरित होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया था। अब वन विभाग ने प्रस्तावित जमीन को अपनी बताते हुए निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से 30 सितंबर को जारी जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय लहुरियादह के उच्चीकरण के लिए वर्ष 2024-25 में प्रस्ताव भेजा गया था। वर्ष 2025-26 में राज्य परियोजना निदेशक ने इसकी स्वीकृति प्रदान करते हुए 25.58 लाख रुपए का धन आवंटित किया। उपजिलाधिकारी लालगंज की ओर से पूर्व माध्यमिक विद्यालय के निर्माण के लिए आराजी संख्या 1116 ग, रकबा 0.169 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराई गई। विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में धनराशि भी हस्तांतरित कर दी गई। उस जमीन को वन विभाग अपना बता रहा है। जमीन को लेकर विवाद सामने आने के बाद विद्यालय का निर्माण फिर ठप हो गया। करीब तीन वर्ष पहले तत्कालीन जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने लहुरियादह में विद्यालय के उच्चीकरण को लेकर स्वीकृति दी थी। सत्र 2025-26 में बजट जारी होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका था। हाल में मामले को लेकर सवाल उठाए जाने के बाद अगले ही दिन विद्यालय की जमीन की नाप-जोख शुरू हुई। इससे ग्रामीणों को निर्माण शुरू होने की उम्मीद जगी थी, लेकिन वन विभाग की आपत्ति के बाद काम फिर रुक गया। डीएफओ राकेश कुमार ने बताया कि जमीन वन विभाग की है, जबकि राजस्व विभाग इसे अपना बता रहा है। एक संयुक्त जांच टीम बनाई जा रही है, जो दो दिन में रिपोर्ट देगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)