मंदिरों में बढ़ी भीड़, पुलिस ने पहरा भी बढ़ाया:मनसा देवी मंदिर पर अचानक चेकिंग से खलबली, संदिग्ध महिला पकड़ी, सीसीटीवी कैमरे से निगरानी

Oct 18, 2026 - 21:43
0
मंदिरों में बढ़ी भीड़, पुलिस ने पहरा भी बढ़ाया:मनसा देवी मंदिर पर अचानक चेकिंग से खलबली, संदिग्ध महिला पकड़ी, सीसीटीवी कैमरे से निगरानी
मेरठ के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। मंदिरों के साथ ही आसपास के रास्तों और प्रमुख मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। रविवार को एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने जागृति विहार स्थित मनसा देवी मंदिर के आसपास अचानक चेकिंग अभियान चलाया तो खलबली मच गई। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की। कई लोगों को रोककर पूछताछ की गई, जबकि पुलिस के फर्जी स्टीकर लगे कई वाहन भी पकड़े गए। इन वाहनों को सीज करा दिया गया। एक संदिग्ध महिला के संबंध में भी पुलिस छानबीन कर रही है। दरअसल, त्योहार के दौरान मंदिरों में भीड़ बढ़ने से चोरी, चेन स्नेचिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका रहती है। भीड़ का फायदा उठाकर वारदात करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने प्रमुख मंदिरों के आसपास चौकसी बढ़ाई है। इसी क्रम में एसपी सिटी अचानक मनसा देवी मंदिर पहुंचे और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर के साथ आसपास के क्षेत्र में भी चेकिंग कराई। संदिग्ध नजर आने वाले लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आसपास के लोगों में हलचल रही। फर्जी पुलिस स्टीकर लगे वाहन सीज अभियान के दौरान पुलिस को कई ऐसे वाहन मिले, जिन पर पुलिस के फर्जी स्टीकर लगे हुए थे। पुलिस ने इन वाहनों को सीज करा दिया। वाहनों पर पुलिस से जुड़े स्टीकर लगाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की गई। पुलिस ने मंदिर के आसपास घूम रहे संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की। अधिकारियों का जोर भीड़भाड़ वाले इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी संभावित वारदात को रोकने पर है। आठ प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा बढ़ाई मनसा देवी मंदिर के अलावा काली पलटन मंदिर, गोल मंदिर समेत शहर के आठ प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। मंदिरों के भीतर महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। ये पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने और व्यवस्था बनाने में सहयोग कर रही हैं। मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध महिला से थाने ले जाकर पूछताछ मनसा देवी मंदिर के आसपास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध महिला भी पुलिस के हत्थे चढ़ी। उसके संबंध में छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे लोगों को रोककर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए लोगों को छोड़ा भी जा रहा है। संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाकर उनकी गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। एसपी ने व्यापारियों से भी की बातचीत चेकिंग अभियान के दौरान एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने क्षेत्रीय व्यापारियों से भी बातचीत की। उन्होंने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की चौकसी को लेकर जानकारी ली। व्यापारी भी पुलिस की सक्रियता और सुरक्षा इंतजामों से संतुष्ट दिखाई दिए। भीड़भाड़ वाले बाजारों और मंदिरों के आसपास चोरी व चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस की सक्रियता को अहम माना जा रहा है। एसपी बोले- सभी मंदिरों की सुरक्षा बढ़ी एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और भीड़ का फायदा उठाकर वारदात करने वालों पर अंकुश लगाना है। मनसा देवी मंदिर समेत शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में सुरक्षा बढ़ाई गई है। मंदिरों के भीतर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User