मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान शवयात्रियों से मारपीट:लाठी-डंडों से पीटकर युवक को किया अधमरा, BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती; 7 पर FIR
धर्मनगरी काशी के सबसे प्रसिद्ध महाश्मशान मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान दो पक्षों में जमकर मारपीट और खूनी संघर्ष होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अंतिम विदाई की रस्मों के बीच अचानक भड़की इस हिंसा से घाट पर अफरा-तफरी मच गई। लाठी-डंडों से किए गए ताबड़तोड़ हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए बीएचयू (BHU) ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 नामजद और एक अज्ञात समेत कुल 7 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ भी कर रही है। चंदौली से अंतिम संस्कार में आया था परिवार, घाट पर घेरकर पीटा
जानकारी के अनुसार चौक थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मणिकर्णिका घाट पर 9 अक्टूबर शुक्रवार को हुई है। चंदौली जिले के रामगढ़ के रहने वाले रमेश सिंह ने पुलिस को सूचना देते हुए बताया कि वो अपने बहनोई स्वर्गीय बंशनारायण सिंह के देहावसान के बाद उनके अंतिम संस्कार की रस्मों को पूरा करने के लिए 9 अक्टूबर को परिजनों के साथ काशी आए थे। शवदाह की प्रक्रिया चल ही रही थी कि तभी अचानक वहां कुछ स्थानीय दबंग आ धमके। रमेश सिंह द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, घाट पर मौजूद कुछ लोगों ने उनके भांजे अभिषेक सिंह (निवासी गोपपुर, चोलापुर, वाराणसी) को पहले तो जातिसूचक और अपशब्द कहे और फिर जान से मारने की सीधी धमकी दे डाली। पीड़ित परिवार कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आरोपियों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर अभिषेक पर चौतरफा हमला बोल दिया। हमले से बेहोश हुआ युवक, महाश्मशान पर मची भगदड़
रमेश ने बताया - अचानक से आये आरोपियों ने अभिषेक सिंह को जमीन पर गिरा-गिराकर बेरहमी से पीटा। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लाठी-डंडों की गंभीर चोटें लगने के कारण अभिषेक खून से लथपथ होकर वहीं घाट पर ही बेहोश हो गया। मणिकर्णिका घाट जैसे संवेदनशील और हमेशा भीड़भाड़ वाले स्थान पर अचानक हुई इस हिंसक वारदात से वहां मौजूद अन्य शवयात्रियों और पुरोहितों में हड़कंप मच गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और बेहोशी की हालत में अभिषेक को तुरंत बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टर्स की टीम उसकी निगरानी कर रही है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया - घटना की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची थी और घायल को अस्पताल में एडमिट कराया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 351(3), 109(1), 191(2) और 191(3) के तहत केस दर्ज किया है। जिसमें ऋषिकेश चौधरी (निवासी: जंसा, वाराणसी), बादल चौधरी (निवासी: रामेश्वरम, जंसा), गोलू चौधरी (स्थानीय), शनि चौधरी (निवासी: मीरघाट, वाराणसी), गुड्डू चौधरी (निवासी: बड़ी गैबी, वाराणसी), अनिल चौधरी (निवासी: मीरघाट, वाराणसी) सहित एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है पुलिस
इंस्पेक्टर चौक विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि महाश्मशान की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले इन अराजक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। केस की तफ्तीश उपनिरीक्षक (SI) हिमांशु मिश्रा को सौंपी गई है। पुलिस की दो टीमें गठित कर दी गई हैं, जो आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)