मोबाइल गायब हुआ, क्रेडिट कार्ड से 4.23 लाख की ठगी:अलीगढ़ के युवक का गाजियाबाद में खोया था फोन, कई जगह शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
गाजियाबाद में मोबाइल फोन खोने के बाद अलीगढ़ के युवक के बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से 4.23 लाख रुपये की ठगी हो गई। पीड़ित ने गाजियाबाद से लेकर अलीगढ़ तक शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। अब मंगलवार को साइबर क्राइम पुलिस थाने में मामले की एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने धोखाधड़ी और पहचान का दुरुपयोग करने समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गभाना क्षेत्र के गांव ख्यामई निवासी कपिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 सितंबर 2026 को गाजियाबाद में उनका मोबाइल फोन खो गया था। अगले दिन 19 सितंबर को उन्होंने गाजियाबाद के घंटाघर कोतवाली में इसकी एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद उनके बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से 4 लाख 23 हजार रुपये की धोखाधड़ी हो गई।
गभाना और एसएसपी कार्यालय में भी की शिकायत
कपिल के मुताबिक, उन्होंने मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए स्थानीय थाना गभाना और अलीगढ़ एसएसपी कार्यालय में भी शिकायत की थी। गभाना थाने में 24 सितंबर को उन्हें टोकन नंबर 826 मिला, जबकि 5 अक्टूबर को एसएसपी कार्यालय में शिकायत के बाद टोकन नंबर 17617 दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि गाजियाबाद और अलीगढ़ में उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी।
निरीक्षक को सौंपी गई जांच
पीड़ित ने पुलिस से ठगी की रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साइबर क्राइम पुलिस थाने में 13 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की गई। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66C व 66D लगाई गई हैं। मामले की विवेचना निरीक्षक सुभाष कठेरिया को सौंपी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)