मऊ में शिक्षक निर्वाचन को लेकर बैठक हुई:सीडीओ ध्रुव खड़िया ने निष्पक्ष चुनाव कराने के निर्देश दिए

Oct 08, 2026 - 16:53
0
मऊ में शिक्षक निर्वाचन को लेकर बैठक हुई:सीडीओ ध्रुव खड़िया ने निष्पक्ष चुनाव कराने के निर्देश दिए
मऊ में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को 4 बजे विकास भवन सभागार में पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया ने की। सीडीओ ने निर्वाचन कार्य में लगे सभी कार्मिकों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी, निष्पक्षता और पूरी गंभीरता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक अनुमोदित मतदेय स्थलों पर मतदान कराया जाएगा। वहीं 27 अक्टूबर 2026 को मतगणना निर्धारित है। निर्वाचन को लेकर जनपद में 10 बूथ, 40 मतदान अधिकारी, 10 माइक्रो आब्जर्वर, 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 5 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या से बचने के लिए सभी कार्मिक अपने दायित्वों और निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी भली-भांति प्राप्त कर लें। साथ ही निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ निर्वाचन संपन्न कराया जाए। बैठक में परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र सरोज, उप जिलाधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना, डीसी मनरेगा राजीव कुमार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सुशील कुमार, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं निर्वाचन कार्मिक मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User