मथुरा के रंगेश्वर मंदिर के पास जनरल स्टोर में आग:20 लाख रुपए का सामान जलकर खाक, एक घंटे में बुझी आग

Oct 16, 2026 - 18:09
0
मथुरा के रंगेश्वर मंदिर के पास जनरल स्टोर में आग:20 लाख रुपए का सामान जलकर खाक, एक घंटे में बुझी आग
मथुरा शहर कोतवाली क्षेत्र में रंगेश्वर मंदिर के समीप शुक्रवार को श्याम जनरल स्टोर में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। दुकान में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकान के अंदर से उठते धुएं के घने गुबार आसमान में दूर तक दिखाई देने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकान में रखा सामान जलकर काफी हद तक नष्ट हो चुका था। जानकारी के अनुसार, रंगेश्वर मंदिर के समीप स्थित श्याम जनरल स्टोर में कॉस्मेटिक सहित अन्य सामान रखा हुआ था। शुक्रवार को अचानक दुकान में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इलाका पुलिस और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान से उठते धुएं के गुबार देखकर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी अजय कौशल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दुकान में आग की भयावह स्थिति को देखते हुए उन्होंने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग दुकान के अंदर फैल चुकी थी, जिसके चलते दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दुकान का शटर तोड़कर आग बुझाने की कार्रवाई की गई। करीब एक घंटे तक चले अभियान के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इसके बाद राहत की स्थिति बनी, लेकिन दुकान में रखा कॉस्मेटिक और अन्य सामान आग की चपेट में आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग से करीब 20 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। दुकान के मालिक का नाम मुरली मनोहर बताया गया है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User