मथुरा में अग्रसेन मेला का दूसरा दिन:महिलाओं ने झलकारी बाई के साहस की कहानी दिखाई, स्वर्ण वर्ग की पुकार नाटक ने खींचा ध्यान
मथुरा के बीएसए डिग्री कॉलेज मैदान में अग्रवाल सभा द्वारा आयोजित अग्रसेन मेले के दूसरे दिन बुधवार रात करीब 10 बजे माधवी महिला दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष वंदना टिबरेवाल और विशिष्ट अतिथि डॉ. सपना बंसल ने महाराजा अग्रसेन और मां लक्ष्मी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महिला समिति की अध्यक्ष रेनू अग्रवाल और मंत्री शशि अग्रवाल ने बताया कि महालक्ष्मी स्तुति के बाद महिलाओं ने वीरांगना झलकारी बाई के जीवन पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। मीडिया प्रभारी सचिन अग्रवाल ने बताया कि नाटक के माध्यम से रानी लक्ष्मीबाई की रक्षा में झलकारी बाई के साहस और वीरता को दर्शाया गया। इसके बाद ‘स्वर्ण वर्ग की पुकार’ नाटक के जरिए उच्च अंक प्राप्त करने के बावजूद सरकारी पदों पर अवसर नहीं मिलने की समस्या को उठाया गया। महाभारत काल के अश्वत्थामा पर आधारित प्रेरक नाटक भी प्रस्तुत किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी जयंती प्रसाद अग्रवाल, महिला संरक्षिकाओं आशा अग्रवाल और मीरा अग्रवाल ने प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने बताया कि महिला समिति पिछले दो महीने से कार्यक्रम की तैयारी कर रही थी। रात में मुंबई से आए इवेंट ग्रुप ने भजन जैमिंग नाइट की प्रस्तुति दी। भक्ति संगीत पर मेले में मौजूद अग्रबंधु झूम उठे। महिला संयोजिका आशा अग्रवाल और मीरा अग्रवाल ने कार्यक्रम में भाग लेने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अशोक बंसल, प्रधानमंत्री सुभाष अग्रवाल सिक्का, मीडिया प्रभारी सचिन अग्रवाल घी वाले, मेला संयोजक अंकित बंसल और जयंती संयोजक किशोर मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि वर्ष 2001 में शुरू हुआ अग्रसेन मेला 26 वर्षों में मथुरा सहित पूरे मंडल में प्रमुख आयोजन बन गया है। कार्यक्रम में हजारों अग्रबंधुओं ने सहभागिता की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)