मुजफ्फरनगर में ई-रिक्शा में 24 स्कूली बच्चे:ठूंसकर ले जाने का वीडियो, चालक के पास 6, पीछे 4 बच्चे पैर लटकाकर बैठे

Sep 25, 2026 - 09:37
0
मुजफ्फरनगर में ई-रिक्शा में 24 स्कूली बच्चे:ठूंसकर ले जाने का वीडियो, चालक के पास 6, पीछे 4 बच्चे पैर लटकाकर बैठे
मुजफ्फरनगर में एक ई-रिक्शा में 24 स्कूली बच्चों को ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो नई मंडी क्षेत्र स्थित ग्रेन चैंबर पब्लिक स्कूल के बाहर का बताया जा रहा है। वीडियो में स्कूली बच्चे ई-रिक्शा में बेहद कम जगह में बैठे नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी सुरक्षित आवाजाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे वायरल हुए वीडियो में कुल 24 बच्चे दिखाई दे रहे हैं। इनमें 14 बच्चे (ज्यादा भी हो सकते हैं) ई-रिक्शा के अंदर खचाखच बैठे हुए नजर आ रहे हैं। वहीं चालक की सीट पर आगे की तरफ भी 6 बच्चों को आगे-पीछे करके बैठाया गया है। इसके अलावा 4 बच्चे ई-रिक्शा के पीछे पैर बाहर लटकाकर बैठे दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे स्कूल के बाहर उस समय बनाया गया, जब बच्चे स्कूल से वापस घर जा रहे थे। मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने ई-रिक्शा चालक का वीडियो बनाया और उससे उसका नाम पूछते हुए इतनी संख्या में बच्चों को ले जाने पर सवाल किया। वायरल वीडियो में चालक से ग्रामीण सवाल करता सुनाई दे रहा है कि क्या वह रोज इसी तरह इतने बच्चों को भरकर ले जाता है, ग्रामीण बच्चों की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहता है कि बच्चे परेशान हैं और रो रहे हैं। उसने बेसिक शिक्षा अधिकारी यानी BSA से भी मामले का संज्ञान लेकर ध्यान देने की अपील की। वीडियो सामने आने के बाद बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, ई-रिक्शा स्कूल की अधिकृत परिवहन व्यवस्था का हिस्सा है या निजी तौर पर बच्चों को ले जाया जा रहा था, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User