मुजफ्फरनगर में जेब में फटा मोबाइल, युवक की मौत:बाइक से घर लौटते समय शर्ट की जेब में दगा, शुगर मिल में टोकन मैन थे

Oct 21, 2026 - 10:59
0
मुजफ्फरनगर में जेब में फटा मोबाइल, युवक की मौत:बाइक से घर लौटते समय शर्ट की जेब में दगा, शुगर मिल में टोकन मैन थे
मुजफ्फरनगर में जेब में मोबाइल फोन फटने से युवक की मौत हो गई। सोमवार शाम वहलना चौक के पास बाइक से घर लौटते समय उनकी शर्ट की जेब में रखा मोबाइल तेज धमाके के साथ फट गया था। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार शाम इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। युवक उत्तम शुगर मिल में टोकन मैन के पद पर काम करते थे। उनके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी, छह साल की बेटी और तीन साल का बेटा हैं। कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना भोपा थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक, विकास सोमवार शाम बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वहलना चौक के पास उनकी शर्ट की जेब में रखा मोबाइल अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक भी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। मौके पर मौजूद पुलिस उन्हें जिला चिकित्सालय लेकर पहुंची। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम विकास की गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया, लेकिन मंगलवार शाम उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मोबाइल फोन किन परिस्थितियों में फटा, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। शव गांव पहुंचते ही मच गई चीख-पुकार मंगलवार शाम करीब सात बजे विकास का शव गांव पहुंचा तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों के साथ बुजुर्ग माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। छह साल की बेटी और तीन साल के बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार के कमाऊ सदस्य की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। यशिका चौहान ने परिवार को बंधाया ढांढस घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय सांसद चंदन चौहान की पत्नी यशिका चौहान पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने विकास के पिता और अन्य परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही दुख की इस घड़ी में परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। मोबाइल फोन फटने की घटना ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User