मुजफ्फरनगर में टप्पेबाज पुलिस मुठभेड़ में घायल:महिला से ठगे थे दोनों कुंडल, घेराबंदी पर फायरिंग कर भाग रहा था आरोपी, 14 मुकदमे पहले से हैं दर्ज
मुजफ्फरनगर में महिला को झांसे में लेकर उसके दोनों कुंडल उतरवाकर फरार होने वाला आरोपी शनिवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। कोतवाली नगर पुलिस ने उसे रात करीब 11 बजे कछौली चौराहे के पास चेकिंग के दौरान घेर लिया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घिरने पर पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसके कब्जे से 4,360 रुपये, मोबाइल, बिना नंबर प्लेट की स्कूटी और तमंचा बरामद किया गया है। आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को रोहाना मिल रेलवे फाटक के पास लाल रंग की स्कूटी सवार एक व्यक्ति ने कलसुमन नाम की महिला को झांसे में लेकर उसके दोनों कुंडल उतरवा लिए थे और फरार हो गया था। महिला ने शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। शनिवार की रात पुलिस टीम कछौली चौराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार एक व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह स्कूटी मोड़कर गांव कछौली की तरफ भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो वह स्कूटी छोड़कर जंगल की ओर भागा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस का कहना है कि जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया और उसे पकड़ लिया गया। 315 बोर का तमंचा बरामद किया गिरफ्तार आरोपी की पहचान तैयब पुत्र अब्दुल सलाम निवासी मुफ्ती मुजफ्फर हुसैन कॉलोनी, पीर वाली गली, थाना मंडी, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 4,360 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल स्कूटी और 315 बोर का तमंचा बरामद किया है। तमंचे के साथ एक जिंदा और एक खोखा कारतूस भी मिला है। पुलिस ने बरामद नकदी को महिला से हुई टप्पेबाजी के मुकदमे से संबंधित बताया है। पुलिस के मुताबिक, तैयब के खिलाफ सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, धोखाधड़ी, मादक पदार्थों और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न आरोपों में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ 2021 से 2026 तक के 14 मुकदमों का उल्लेख है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)