मुसही गांव में जेसीबी से स्कूल का रास्ता क्षतिग्रस्त:सोनभद्र में बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत, ग्रामीणों ने जांच और मरम्मत की मांग की

Oct 16, 2026 - 11:31
0
मुसही गांव में जेसीबी से स्कूल का रास्ता क्षतिग्रस्त:सोनभद्र में बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत, ग्रामीणों ने जांच और मरम्मत की मांग की
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के मुसही गांव में स्कूल जाने वाले रास्ते को जेसीबी से कई जगह खोदकर क्षतिग्रस्त कर दिए जाने का मामला सामने आया है। इससे स्कूली बच्चों के साथ ही ग्रामीणों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रास्ता खराब होने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत हो रही है। वहीं, ग्रामीणों ने मामले की जांच कराकर क्षतिग्रस्त मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जितेंद्र वाल्मीकि के अनुसार, गांव के ही सोनू निगम, विजय भारती और राम केवल हरिजन पर बिना किसी आदेश के जेसीबी लगाकर रास्ते को कई जगह खोदने का आरोप है। उनका कहना है कि रास्ता क्षतिग्रस्त होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। इसी मार्ग से ग्रामीण भी प्रतिदिन आते-जाते हैं। बताया गया कि कुछ वर्ष पहले जिला प्रशासन के निर्देश पर ग्राम प्रधान की ओर से इस रास्ते पर इंटरलॉकिंग का कार्य कराया गया था। इससे ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिल रही थी। वर्तमान में इसी मार्ग के निर्माण का कार्य विधायक निधि से भी कराया जा रहा था। ऐसे में रास्ते को खोदकर क्षतिग्रस्त किए जाने से निर्माण कार्य की उपयोगिता पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्कूल जाने के लिए यह रास्ता महत्वपूर्ण है। इसके क्षतिग्रस्त होने से बच्चों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। साथ ही अन्य ग्रामीणों को भी आने-जाने में दिक्कत हो रही है। रास्ते की मौजूदा स्थिति को देखते हुए इसकी मरम्मत कराया जाना जरूरी है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर जांच कराने और क्षतिग्रस्त रास्ते को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके। ग्रामीणों की मांग है कि रास्ते को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो साथ ही, रास्ते को जल्द दुरुस्त कराया जाए, ताकि बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी न हो।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User