मुस्लिम महिला ने किया मंदिर के नाम मकान:जेठ के बेटों पर लगाए जान से मारने और घर हड़पने के आरोप

Oct 06, 2026 - 13:15
0
मुस्लिम महिला ने किया मंदिर के नाम मकान:जेठ के बेटों पर लगाए जान से मारने और घर हड़पने के आरोप
मंगलवार को 10 बजे सम्भल के हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन के मोहल्ला नजरखेल निवासी मुस्लिम महिला लुबना खान ने एक बड़ा ऐलान किया है। लुबना खान पत्नी स्वर्गीय नफीसउद्दीन ने कहा है कि अगर भविष्य में उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो उनका मकान पक्के बाग वाले मंदिर के नाम कर दिया जाए। महिला का यह बयान सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। लुबना खान का कहना है कि उनके पति नफीसउद्दीन का इंतकाल हो चुका है और जिस मकान में वह रह रही हैं, वह उनके पति के नाम है। महिला ने आरोप लगाया कि उनके जेठ के बेटे सलाउद्दीन और मोहसिन उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। उनका आरोप है कि दोनों लोग उनके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं और उनसे घर खाली करने के लिए कहा जा रहा है। महिला ने कहा कि उन्हें सलाउद्दीन और मोहसिन से अपनी जान का खतरा है। इसी आशंका के चलते उन्होंने अधिकारियों से शिकायत कर अपनी सुरक्षा की मांग की है। लुबना का कहना है कि यदि उनके साथ कोई घटना होती है तो उनके मकान को पक्के बाग वाले मंदिर के नाम किया जाए। लुबना खान ने अपने मामले में सरकारी वकील से पैरवी कराए जाने की भी मांग की है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और पूरे प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मुस्लिम महिला द्वारा मंदिर के नाम मकान करने के ऐलान की बात सामने आने के बाद यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले में पुलिस और प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User