नाबालिग को शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप:मैनपुरी में स्कूल जाते समय रास्ता रोककर दी धमकी, पिता ने एसपी से लगाई गुहार

Oct 08, 2026 - 11:21
0
नाबालिग को शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप:मैनपुरी में स्कूल जाते समय रास्ता रोककर दी धमकी, पिता ने एसपी से लगाई गुहार
मैनपुरी के बरनाहल थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी को फोन पर परेशान करने, शादी के लिए दबाव बनाने और स्कूल जाते समय रास्ता रोककर धमकी देने का आरोप लगाया है। गुरुवार को पीड़ित पिता ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। नाबालिग की पहचान उजागर न हो, इसलिए उसके नाम और अन्य पहचान संबंधी जानकारी प्रकाशित नहीं की जा रही है। पीड़ित पिता का आरोप है कि क्षेत्र के ही एक युवक द्वारा उसकी बेटी को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन किया जाता है। फोन पर आरोपी कथित तौर पर शादी करने के लिए दबाव बनाता है। जान से मारने की धमकी देने का आरोप शादी से इनकार करने पर उसे और उसके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पिता के मुताबिक, लगातार फोन आने और धमकियों के कारण बेटी और पूरा परिवार भयभीत है। शिकायत में पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी जब स्कूल जाती है तो आरोपी कई अन्य युवकों के साथ उसका रास्ता रोकता है। इस दौरान कथित तौर पर धमकी दी जाती है कि यदि परिवार ने उसकी शादी कहीं दूसरी जगह कर दी तो संबंधित युवक को भी जान से मार दिया जाएगा। आरोप है कि रास्ते में गाली-गलौज भी की जाती है। पीड़ित पिता का यह भी आरोप है कि आरोपी उनके घर तक पहुंचकर गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी देता है। शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं शिकायत में आरोपी द्वारा कथित तौर पर यह कहने का भी जिक्र किया गया है कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इससे परिवार को किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। पीड़ित के अनुसार, उसने इस मामले में 5 अक्टूबर को थाना बरनाहल में शिकायत की थी। आरोप है कि वहां उसकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। पूरे मामले में कार्रवाई की गुहार इसके बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है। पिता ने एसपी से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। परिजनों ने आशंका जताई है कि आरोपी कभी भी किसी घटना को अंजाम दे सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User