नगर निगम कार्यकारिणी में 100 प्रस्तावों पर होगी चर्चा:सड़क- नाली, सीवर, स्ट्रीट लाइट और पार्कों के विकास कार्यों को मिलेगी मंजूरी
कानपुर नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में शहर के विकास से जुड़े करीब 100 प्रस्ताव रखे जाएंगे। 7 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में होने वाली बैठक के लिए 5 अक्टूबर की कार्यसूची में अतिरिक्त संशोधन करते हुए प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। कार्यकारिणी के सामने सड़क-नाली निर्माण, सीवर लाइन, फुटपाथ, स्ट्रीट लाइट, पार्कों के सुंदरीकरण और विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव रखे जाएंगे। कर्मचारियों के स्थानांतरण की मांग एजेंडे में वार्ड-13 की पुराना कानपुर क्षेत्र स्थित सड़क के सुधार का प्रस्ताव भी है। इसके अलावा सेवानिवृत्त नगर निगम कर्मचारियों के पेंशन रिवीजन और एसीपी भुगतान का मामला भी कार्यकारिणी के सामने रखा जाएगा। एक प्रस्ताव में कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान और अभियंत्रण खंड में सालों से तैनात सुपरवाइजरों/कर्मचारियों के स्थानांतरण की मांग की गई है। सीवर लाइन से लेकर तालाब और मंदिर तक के प्रस्ताव वार्ड-63 के गंगापुर कॉलोनी में सीवर लाइन की व्यवस्था नहीं होने से जलभराव की समस्या को देखते हुए 300 एमएम व्यास की 200 मीटर सीवर लाइन डालने का प्रस्ताव है। इसकी अनुमानित लागत करीब 19 लाख रुपए है। वार्ड-19 में खेरापति मंदिर में टीन शेड लगाने और वार्ड-14 में जूही बम्बुरहिया के धोबी तालाब के सुंदरीकरण व डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक रास्ता बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। जमीन पर कब्जे का मामला कार्यकारिणी में उठेगा वार्ड-76 के पार्षद कौशिक बाजपेई जमीन पर कब्जे का मामला उठाएंगे। उन्होंने बताया कि हंसपुरम मोहल्ले में 2017 के परिसीमन के बाद गुजराती स्कूल के सामने वाला हिस्सा वार्ड-76 में आता है। आरोप है कि वार्ड-79 के पार्षद विकास जायसवाल ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है। यहां से अवैध वसूली की शिकायत भी है। कार्यकारिणी से एक सप्ताह में कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई है। पार्कों के सुंदरीकरण पर खास फोकस कार्यसूची में अलग-अलग जोनों के पार्कों के सुंदरीकरण और आधुनिकीकरण से जुड़े बड़ी संख्या में प्रस्ताव शामिल हैं। इनमें पार्कों में पाथवे, हरियाली, बैठने की व्यवस्था और अन्य विकास कार्य कराए जाने हैं। कई कार्यों की अनुमानित लागत करीब 18-20 लाख रुपए के आसपास रखी गई है। इसके अलावा प्रस्ताव में अलग-अलग वार्डों के पार्कों में प्रकाश व्यवस्था के काम भी शामिल हैं। इसके साथ ही कार्यकारिणी में अतिक्रमण की शिकायत, धार्मिक स्थल पर सुविधाएं, तालाब के सुंदरीकरण और वार्डों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा होगी। पिछली कार्यकारिणी की बैठक में हुआ था हंगामा कानपुर नगर निगम कार्यकारिणी की 5 सितंबर को हुई बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई थी। पार्षदों ने मंगल भवन की कमेटी भंग करने, कूड़ा उठान के निजीकरण, स्ट्रीट लाइट और वार्डों में विकास कार्यों समेत कई मुद्दों पर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय को घेरा था, जिस पर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कार्यकारिणी की बैठक में जो प्रस्ताव शामिल हैं, उनसे संबंधित सवालों का ही जवाब दिया जाएगा, जिसके बाद महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा था कि अब नगर आयुक्त के सामने एजेंडा रखकर ही बात होगी। अब बुधवार को होने वाली कार्यकारिणी की बैठक में करीब 100 प्रस्ताव रखे जाएंगे। कुल मिलाकर इस बार की कार्यकारिणी में सड़क, नाली, सीवर, स्ट्रीट लाइट और पार्कों के विकास से जुड़े प्रस्तावों की संख्या अधिक है। अब इन प्रस्तावों पर कार्यकारिणी सदस्यों की चर्चा और स्वीकृति के बाद संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)