निहारिका बनीं लखनऊ की एक दिन की BSA:शिक्षकों को तय समय में पाठ्यक्रम पूरा कराने के निर्देश, एक्स्ट्रा क्लास लगाने को कहा
लखनऊ में मिशन शक्ति के तहत बीकेटी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा आठ की छात्रा निहारिका सिंह एक दिन के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) बनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर स्कूलों में चल रही योजनाओं की जानकारी ली। साथ ही शिक्षकों को तय समय में पाठ्यक्रम पूरा कराने के निर्देश दिए। बीएसए विपिन कुमार ने मंगलवार को निहारिका को एक दिन के लिए बीएसए की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने छात्रा को विभाग के कामकाज की जानकारी दी। इसके बाद निहारिका ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जिले के आठ विकासखंड और नगर के चार जोन में संचालित स्कूलों की जानकारी ली। एक्स्ट्रा क्लास लगाकर पूरा कराएं पाठ्यक्रम निहारिका ने कहा कि नवंबर में वार्षिक परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। ऐसे में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों और प्राइमरी स्कूलों के शिक्षक एक्स्ट्रा क्लास लगाकर समय से पाठ्यक्रम पूरा कराएं। उन्होंने स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई और उनकी जरूरतों पर भी ध्यान देने को कहा। यूनिफॉर्म का पैसा भेजने के निर्देश निहारिका ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन बच्चों को अभी तक यूनिफॉर्म की रकम नहीं मिली है, उनके खाते में जल्द पैसा भेजा जाए। स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक मिड-डे मील देने के साथ उनकी सुरक्षा और सेहत का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने जिला समन्वयक से कस्तूरबा स्कूलों में मिशन शक्ति के तहत होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी भी ली।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)