नोएडा बस अग्निकांड- 2 घंटे तक लाशें जलती रहीं:चमड़ी जलकर सीटों से चिपकीं, महिला की शिनाख्त नातिन ने पायल से की

Sep 24, 2026 - 18:15
0
नोएडा बस अग्निकांड- 2 घंटे तक लाशें जलती रहीं:चमड़ी जलकर सीटों से चिपकीं, महिला की शिनाख्त नातिन ने पायल से की
नोएडा में बुधवार आधी रात महोबा जा रही स्लीपर AC बस में आग लग गई। बस में सवार 9 यात्री जिंदा जल गए। इनमें 8 पुरुष और एक महिला ऊषा देवी थीं। ऊषा की पहचान उनकी पायल से हुई। पोस्टमॉर्टम हाउस पर आयुषी अपनी नानी की पायल देख बिलख पड़ीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोग बस के अंदर जल रहे थे। मदद के लिए चीख रहे थे। लेकिन, लपटें इतनी तेज थीं कि कोई मदद के लिए आगे नहीं बढ़ पाया। धीरे-धीरे लोगों की चीखें शांत हो गईं। इसके बाद करीब 2 घंटे तक डेडबॉडी जलती रहीं। आग बुझाने के बाद रेस्क्यू टीम ने बस का पिछला हिस्सा कटर से काटा। पुलिसकर्मी और फोरेंसिक टीम जब अंदर गई तो देखा कि लाशें कंकाल बन चुकी थीं। तीन यात्रियों की चमड़ी सीटों से चिपकी हुई थीं। कुछ लाशें बस की गैलरी में पड़ी थीं। उनकी भी बॉडी बस की फर्श से चिपकी हुई मिली। आग में जलकर मोबाइल किसी के पैर तो किसी के सीने से चिपके मिले। सीटों पर खाने के खुले टिफिन पड़े थे। टीम को बस के अंदर से डेडबॉडी बटोरने में करीब 45 मिनट लगे। बस की डिग्गी में काफी मात्रा में नेल पॉलिश और एक सिलेंडर भी मिला। आशंका है कि सिलेंडर और नेल पॉलिश से भी आग तेजी से फैली होगी। पुलिस को घटना की जानकारी कब और कैसे हुई? कितने बजे पुलिस पहुंची। कितने शवों की शिनाख्त हुई? जिन लोगों की शिनाख्त नहीं हुई, उनका क्या होगा? विस्तार से पढ़िए- 3 तस्वीरें देखिए- 10 मिनट में पुलिस और दमकल पहुंची, 2 घंटे बस जलती रही धुआं भरने से दम घुटने की आशंका, भाग नहीं सके लोग रेस्क्यू टीम ने बताया कि बस में कुल 35 लोग सवार थे। बस से कुल 9 लोगों के शव निकाले गए। शवों को पहचानना बेहद मुश्किल है। वह आग से पूरी तरह जल गए थे। बस भी पूरी तरह जल गई। देखने से लग रहा है कि शॉर्ट सर्किट से बस की AC में आग लगी। इसके बाद आग बस की केबिन से होती हुई अंदर तक पहुंच गई। बस की सीटें, उसमें लगी प्लास्टिक, सीट कवर, पर्दे, फाइबर ने आग को भड़का दिया। लोगों का सामान भी जलने लगा। आग से बस की सीटें जलकर राख हो चुकी थीं। सिर्फ लोहे का ढांचा बचा था। बस में जब आग लगी तो अधिकतर लोग अपने स्लीपर केबिन में थे। सो रहे थे। इसलिए वह समय से बस से बाहर नहीं आ सके। कुछ गैलरी में फंस गए तो कुछ सीटों पर ही बैठे रह गए। तब तक बस के अंदर धुआं भर गया। इससे कार्बन मोनो ऑक्साइड, कार्बन डाइऑक्साइड जैसी गैसें बनीं। जिससे लोगों का दम घुट गया। जो लोग बाहर आ गए, वह बच गए। बाकी लोगों का अंदर ही दम घुट गया। बस में सवार जो लोग मिसिंग हैं, उनके घरवाले पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे हैं। SDM बोले- फोन कर बस में यात्रा करने वालों को बुलाया जा रहा जेवर एसडीएम दुर्गेश सिंह और जेवर थाना प्रभारी अजय कुमार भी पहुंचे। एसडीएम दुर्गेश सिंह ने बताया कि बस कश्मीरी गेट से चली थी। कई लोग कश्मीरी गेट से बैठे थे। ड्राइवर ने नोएडा के सेक्टर 37 और यमुना एक्सप्रेस-वे के जीरो पॉइंट से कुछ सवारियों को भी बस में बैठाया। चूंकि बस ड्राइवर ने कई जगह से यात्रियों को बस में बैठाया। इसलिए यात्रियों की पूरी डिटेल नहीं मिल पा रही है। मेरे पास करीब 25 से अधिक लोगों की सूची है, जो लोग बस में सवार थे। अब उन्हें फोन कर बुलाया जा रहा है। ताकि वह शव की पहचान कर सकें। उनसे पूछा जा रहा है कि आपके साथ कौन-कौन था? आपकी बगल वाली सीट पर कौन बैठा था? पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे लोगों से शिनाख्त कराई जाएगी। जितने शवों की शिनाख्त हो जाएगी। उन शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। जिन लोगों की शिनाख्त नहीं हो पाती है। उनका DNA टेस्ट होगा। आग लगने के बाद शव पूरी तरीके से जल चुके हैं। घटनास्थल से 2 KM दूर बस खड़ी की, 2 चालक-हेल्पर जेल गए हादसे के बाद पुलिस ने बस को एक्सप्रेस-वे से हटा दिया है। बस को घटनास्थल से 2 किमी दूर जेवर टोल प्लाजा के पास एक्सप्रेस-वे के नीचे खड़ा किया गया है। पुलिस ने बताया कि बस मध्य प्रदेश की राज कल्पना ट्रैवल्स की है, लेकिन नई दिल्ली के कश्मीरी गेट बस डिपो से चलती है। बस का रजिस्ट्रेशन बिहार के मधुबनी जिले में किया गया है। बस का फिटनेस प्रमाण पत्र राजस्थान और प्रदूषण प्रमाण पत्र हरियाणा से जारी हुआ है। बस के 19 चालान हो चुके हैं और ₹1.75 लाख जुर्माना लगा है। उधर, पुलिस ने बस के दो ड्राइवर पवन और विनोद को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही हेल्पर योगेश को भी पकड़ लिया है। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है। गौतमबुद्ध नगर RTO ऑफिस के MVI संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि बस की ऊंचाई भी तय सीमा से थोड़ी ज्यादा मिली। मानक के मुताबिक ऊंचाई 3.8 मीटर होनी चाहिए, जबकि बस की ऊंचाई 4.1 मीटर है। परिवहन मंत्री बोले- ड्राइवर का लाइसेंस रद्द कर दिया गया यूपी के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बिहार नंबर की बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। बस का मालिक कानपुर का बताया जा रहा है। मंत्री के मुताबिक, यात्रियों ने बस में अजीब गंध आने की शिकायत की थी। इसके बावजूद ड्राइवर ने इमरजेंसी गेट नहीं खोला। हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है। ड्राइवर का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ……………….. ये खबर भी पढ़िए- नोएडा में AC बस में आग लगी, 9 जिंदा जले:यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसा, 35 यात्रियों को लेकर महोबा जा रही थी यूपी के नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर AC बस में आग लग गई। हादसे में 9 यात्री जिंदा जल गए। इनमें 8 पुरुष और एक महिला है। बस में 35 यात्री सवार थे। कई यात्रियों ने खिड़की तोड़कर कूदकर जान बचाई, जबकि 20 यात्रियों को रेस्क्यू किया। पढ़ें पूरी खबर

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User