नोएडा में दशहरा पर 2200 पुलिस कर्मी तैनात:35 स्थानों पर रावण दहन, 200 से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन
नोएडा में 35 स्थानों पर रावण दहन होगा, जबकि 200 स्थानों पर स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए 2200 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इनमें करीब 300 महिला पुलिसकर्मी शामिल होंगी। तीनों जोन में पीएसी के जवान भी तैनात रहेंगे। आग से बचाव के लिए 250 अग्निशमनकर्मी और 26 गाड़ियां तैयार रहेंगी। अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि त्योहार के दौरान सभी प्रमुख आयोजन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस ने रामलीला समितियों और दुर्गा पूजा आयोजकों से बातचीत कर जरूरी निर्देश दिए हैं। आयोजकों को पंडालों में आग से बचाव के इंतजाम दुरुस्त रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। जिले में 200 दुर्गा पूजा पंडाल लगाए गए हैं और 35 स्थानों पर रामलीला का मंचन किया गया है। दशहरे पर इन्हीं स्थानों पर रावण दहन होगा। नोएडा जोन में 99 दुर्गा पूजा पंडाल हैं। यहां चार स्थानों पर रामलीला का मंचन किया गया है, जबकि 13 जगह रावण दहन होगा। पुलिस आयोजन स्थलों पर भीड़ के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था करेगी। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जाएगा। नोएडा में 80 फीट का रावण सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में आज दशहरा महोत्सव मनाया जाएगा। श्री सनातन धर्म रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। इस बार रावण का 80 फीट, कुंभकरण का 75 फीट और मेघनाद का 65 फीट ऊंचा पुतला तैयार किया गया है। रंग-बिरंगी सजावट और बिजली की लाइटों से जगमगाते पुतलों का दहन आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके साथ आतिशबाजी भी होगी। इसके अलावा सेक्टर-62, 46 में भी रावण दहन किया जाएगा।
आग से बचाव के लिए 26 गाड़ियां तैयार
दुर्गा पूजा पंडालों और रावण दहन स्थलों पर आग लगने की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग को अलर्ट किया गया है। विभाग की 26 गाड़ियों के साथ 250 अग्निशमनकर्मी तैनात रहेंगे। आयोजकों को बिजली के तारों और सजावट में सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे, ताकि किसी घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर
तीनों जोन के डीसीपी, एडीसीपी और अन्य अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों पर नजर रखने के लिए दो टीमें बनाई गई हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि किसी संदेश या वीडियो को साझा न करें। किसी संदिग्ध गतिविधि या माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को बताएं। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)