NSG कमांडो के बेटे का लाक्षागृह में मिला शव:प्रयागराज के हंडिया में रैपिडो से निकलने के बाद हुए थे गायब, 3 दिन से लापता थे
प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र स्थित लाक्षागृह में एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लाक्षागृह के पास सुबह 6 बजे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान मेजा थाना क्षेत्र के अमेलिया कला गांव निवासी कुमार गौरव के रूप में हुई है। 9 अक्टूबर से लापता थे कुमार गौरव परिजनों के अनुसार, कुमार गौरव बीते 9 अक्टूबर से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता थे। बताया जा रहा है कि वह प्रयागराज से रैपिडो बुक करके निकले थे, लेकिन इसके बाद उनका फोन बंद हो गया और परिजनों से संपर्क टूट गया। परिवार वाले लगातार उनकी तलाश कर रहे थे और अनहोनी की आशंका जता रहे थे। NSG कमांडो के घर टूटा दुखों का पहाड़ मृतक कुमार गौरव अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके पिता राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) में कमांडो के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव अमेलिया कला में शोक की लहर दौड़ गई। मौत की वजह की जांच में जुटी पुलिस युवक का शव किन परिस्थितियों में लाक्षागृह तक पहुंचा और उसकी मौत हत्या है या कोई हादसा, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस रैपिडो ड्राइवर और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की गहनता से जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)