पेंशन दिलाने के बहाने 8 लाख की साइबर ठगी:अलीगढ़ में बुजुर्ग को जाल में फंसाया, खाते से दो बार में निकाली रकम; साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज

Oct 10, 2026 - 19:33
0
पेंशन दिलाने के बहाने 8 लाख की साइबर ठगी:अलीगढ़ में बुजुर्ग को जाल में फंसाया, खाते से दो बार में निकाली रकम; साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज
पेंशन संबंधी औपचारिकता पूरी कराने का झांसा देकर साइबर ठगों ने बन्नादेवी क्षेत्र के एक बुजुर्ग के बैंक खाते से आठ लाख रुपये पार कर दिए। ठगों ने व्हाट्सएप पर कॉल कर लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराने की प्रक्रिया समझाने के बहाने उनसे मोबाइल पर कुछ गतिविधियां कराईं। इसके बाद मोबाइल हैक कर खाते से दो बार में रकम निकाल ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बन्नादेवी क्षेत्र निवासी 71 वर्षीय सुरेश चन्द्रा के मुताबिक, नौ अक्टूबर को दोपहर करीब 3:15 बजे उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप वॉइस कॉल आई। कॉल करने वाले ने पेंशन के लिए लाइफ सर्टिफिकेट जमा कराने की बात कही। उसने इस प्रक्रिया के लिए एक प्रोफार्मा भेजा और उसे भरने के लिए कहा। इसी दौरान आरोपी ने बुजुर्ग से मोबाइल की सेटिंग में जाकर क्लिक भी कराया। आरोप है कि इसके बाद उनके मोबाइल पर साइबर ठगों का नियंत्रण हो गया। पहले छह, फिर दो लाख रुपये निकाले पीड़ित को तब ठगी का पता चला, जब उनके सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से रकम निकल गई। आरोप है कि जालसाजों ने पहले खाते से छह लाख रुपये निकाले। इसके बाद दो लाख रुपये की दूसरी निकासी कर ली। इस तरह बुजुर्ग के खाते से कुल आठ लाख रुपये निकाल लिए गए। घटना के बाद पीड़ित ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर 10 अक्टूबर को साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। निरीक्षक को सौंपी गई जांच मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच निरीक्षक शिव शंकर गुप्ता को सौंपी गई है। पुलिस शिकायत में बताए गए घटनाक्रम और खाते से निकाली गई रकम के संबंध में जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User