फर्जी रिपोर्ट के आरोप पर आमने-सामने:अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट फर्जी बताकर प्रदर्शन किया, सेंटर प्रबंधक ने 2 पर दर्ज कराया मुकदमा
कौशाम्बी के मंझनपुर में सिग्मा स्कैनिंग एंड मैटरनिटी सेंटर को लेकर विवाद बढ़ गया है। मरीज की अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट फर्जी होने का आरोप लगाकर 9 अक्टूबर को बहुजन क्रांति मिशन टीम के प्रदेश अध्यक्ष प्रसंग कोरी ने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया था। उन्होंने डीएम को शिकायत देकर सेंटर पर फर्जी मेडिकल रिपोर्ट जारी करने और मरीजों की जान से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया था। अब सेंटर के प्रबंधक अजय कुमार ने प्रसंग कोरी और मनीष राना कोरी के खिलाफ सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालकर सेंटर की छवि खराब करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। नानी की रिपोर्ट में अंतर मिलने पर उठाए सवाल प्रसंग कोरी के मुताबिक, उन्होंने 16 और 17 सितंबर 2026 को अपनी नानी का सिग्मा स्कैनिंग सेंटर में अल्ट्रासाउंड कराया था। उनका दावा है कि दोनों रिपोर्टों में काफी अंतर था। इसके बाद 18 सितंबर को कमला नेहरू अस्पताल में डॉक्टरों से जांच कराई गई, जहां रिपोर्टों को फर्जी बताया गया। इसी आधार पर उन्होंने सेंटर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
डॉक्टर के नाम और हस्ताक्षर के इस्तेमाल का आरोप प्रसंग कोरी ने शिकायत में कहा कि रिपोर्ट पर दर्ज डॉ. अमित मिश्रा से संपर्क करने पर पता चला कि वह करीब छह महीने पहले ही सेंटर छोड़ चुके हैं। आरोप है कि इसके बावजूद उनके नाम और हस्ताक्षर से रिपोर्ट तैयार की जा रही थीं। प्रसंग ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर सेंटर मालिक ने उन्हें जान से मारने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर किया प्रदर्शन बहुजन क्रांति मिशन टीम के प्रदेश अध्यक्ष प्रसंग कोरी ने 9 अक्टूबर को दर्जनों लोगों के साथ कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया था। उन्होंने डीएम को शिकायती पत्र सौंपकर सेंटर की जांच कराने और कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में मरीजों की सुरक्षा और मेडिकल रिपोर्ट की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठाए गए थे। सेंटर प्रबंधक ने सोशल मीडिया पोस्ट को बताया नुकसानदेह सेंटर प्रबंधक अजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जिला अस्पताल के सामने स्थित सिग्मा स्कैनिंग एंड मैटरनिटी सेंटर का प्रबंधन करते हैं। उनका आरोप है कि 30 सितंबर से प्रसंग कोरी और सरसवां निवासी मनीष राना कोरी सोशल मीडिया पर सेंटर के बारे में भ्रामक पोस्ट प्रसारित कर रहे हैं। इससे सेंटर की छवि खराब हो रही है और आर्थिक नुकसान हो रहा है। मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपों के बीच मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)